Subroto Cup Football: 65वीं रांची जिला सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता में अंडर-15 का खिताब मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय कांके ने जीत लिया है।
प्रतियोगिता का शुरूआत रांची जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज ने गुब्बारे उड़ाकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
इस प्रतियोगिता में रांची जिले के सभी 19 प्रखंडों की अंडर-15 टीमों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय कांके ने जीता खिताब
पूरे टूर्नामेंट में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय कांके के खिलाड़ियों ने अनुशासित खेल, बेहतरीन टीमवर्क और शानदार कौशल का प्रदर्शन करते हुए सभी मुकाबले जीते।
फाइनल मुकाबले में विद्यालय की टीम ने सेंट जॉन स्कूल को रोमांचक मुकाबले में 4–3 से पराजित कर 65वीं रांची जिला सुब्रतो कप अंडर-15 बालक वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य आनंद प्रकाश मिश्रा ने विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “यह सफलता विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का परिणाम है।
हमें विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी विद्यालय और जिले का नाम रोशन करेंगे।”
इस शानदार जीत से विद्यालय, अभिभावकों एवं पूरे कांके क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
