रांची में स्कूली छात्रायें सीख रहीं आत्मरक्षा के गुर, शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत हो रहीं बच्चियां

Self Defense Techniques: शोतोकान कराटे-डो फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में रांची के लॉरेटो कॉन्वेंट स्कूल में छात्राओं के लिए नियमित मार्शल आर्ट्स प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया।

यह प्रशिक्षण विद्यालय की छुट्टी के पश्चात नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं के सर्वांगीण विकास के साथ उन्हें शारीरिक एवं मानसिक सुदृढ़ता तथा आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करना है।

प्रशिक्षण राष्ट्रीय कराटे कोच शिहान रंजीत मेहता के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है।

पहले दिन छात्राओं को कराटे की बेसिक तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण सत्र में सेंसाई सुनील मेहता एवं सेंसाई सुमन एक्का ने प्रशिक्षक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर फेडरेशन के मुख्य टेक्निकल डायरेक्टर हंसी मानस सिन्हा ने कार्यक्रम के सफल शुभारंभ पर शिहान रंजीत मेहता एवं उनकी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

शिहान रंजीत मेहता ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से छात्राए अपनी नियमित पढ़ाई के साथ-साथ सेल्फ डिफेंस और ब्लैक बेल्ट तक का प्रशिक्षण तथा स्पोर्ट्स कराटे का व्यवस्थित अभ्यास करेंगी।

इससे उन्हें विद्यालय, जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की कराटे प्रतियोगिताओं में भाग लेने, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा पदक अर्जित करने का अवसर प्राप्त होगा।