नेशनल सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप में चंडीगढ़, गोवा, बंगाल और उत्तराखंड की जीत

National Sub Junior Women’s Hockey Championship: रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा हॉकी स्टेडियम में इन दिनों युवा खिलाड़ियों का जमावड़ा है।

मौका है हॉकी इंडिया, हॉकी झारखंड और खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग झारखंड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 16वें सब जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप का।

गुरूवार को चैंपियनशिप में 4 मुकाबले खेले गये।

गोवा ने तेलंगाना को हराया

गुरूवार को पहले मुकाबले में गोवा ने तेलंगाना को 6-3 से हरा दिया। गोवा की तरफ से बेरतीला केरकेट्टा और डेलिना मेंडेस ने 2-2 गोल किये। वहीं सीमा तिर्की और विद्या कुमारी ने 1-1 गोल दागा।

मैच में शानदार खेल का प्रदर्शन करने के लिए बेरतीला केरकेट्टा को बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड देकर सम्मानित किया गया।

बंगाल ने 1-0 से जीत हासिल की

दूसरे मैच में बंगाल ने दादरा नगर हवेली और दमन एवम द्वीप को 1-0 गोल से पराजित कर दिया। इस मैच में अपनी टीम की ओर से शानदार खेल दिखाते हुए एकमात्र विजयी गोल करने वाली बंगाल टीम की पूजा कुमारी साव को बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड देकर सम्मानित किया गया।

चंडीगढ़ ने गुजरात को रौंदा

तीसरे मुकाबले में चंडीगढ़ ने गुजरात को एकतरफा मुकाबले में 12-1 से रौंद डाला। इस मैच में चंडीगढ़ की ओर से कफी ने 4 गोल, नैंसी कश्यप, आंचल और अनु ने 2-2 गोल किये, जबकि भावना और यास्मीन शर्मा ने 1-1 गोल दागा।

गुजरात की ओर से एक मात्र गोल नियंती करमार ने किया।

उतराखंड की कर्नाटक पर जीत

दिन के चौथे मुकाबले में उत्तराखंड ने कर्नाटक को 6-1 से हराया। इस मैच में चंडीगढ़ की ओर से करीना ने 3 गोल कर हैट्रिक लगाई, जबकि मीनाक्षी, दिया और दिव्यानी सौलीन ने 1-1 गोल दागा।

कर्नाटक टीम की ओर से एकमात्र गोल प्रीति नीलाराडी ने किया।