इंडियन एथलेटिक्स सीरीज 12 अप्रैल को रांची में, देश भर के खिलाड़ी करेंगे शिरकत

Indian Athletics Series: एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और झारखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन के साथ झारखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में इंडियन एथलेटिक्स सीरीज का आयोजन किया जा रहा है।

रांची के बिरसा मुंडा स्टेडियम में 12 अप्रैल को आयोजन होगा।

देशभर के खिलाड़ियों का जमावड़ा

इस प्रतियोगिता में भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ रेलवे, इंडियन ऑयल, एयरफोर्स, आर्मी और नेवी के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के लगभग 225 खिलाड़ी भाग लेंगे।

इन खिलाड़ियों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कई नामचीन एथलीट शामिल हैं, जो इस प्रतियोगिता को और अधिक रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक बनाएंगे।

प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य उभरते हुए खिलाड़ियों को एक उच्चस्तरीय मंच प्रदान करना, अपने परफोर्मेंस में सुधार करना तथा भारतीय एथलेटिक्स को नई ऊंचाइयों तक ले जाना है।

इस प्रतियोगिता में झारखंड के 13 महिला एवं पुरुष खिलाडी भी अपना प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिता सुबह 6 बजे से प्रारम्भ होकर संध्या 5 बजे तक चलेगी।