India Vs Zimbabwe: टीम इंडिया को अगर विश्व कप में अपनी उम्मीदें ज़िंदा रखनी हैं तो जिम्बाब्वे (Zimbabwe) के खिलाफ मैच को हर हाल में जीतना होगा। लेकिन सिर्फ जीत टीम को सेमीफाइनल में नहीं पहुंचा सकती है।
भारत को बड़ी जीत दर्ज करनी होगी ताकि उसका नेट रन रेट सुधरे।
दक्षिण अफ्रीका से 76 रनों से हार के बाद भारत का रन रेट बेहद नीचे गिर गया है। वहीं वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे के खिलाफ रनों की बारिश करते हुए रन रेट के मामले में सबसे उपर जगह बना ली है।
ऐसे में भारत के लिए न सिर्फ ये मैच जीतने की चुनौती है बल्कि बड़ी जीत दर्ज करने का दबाव भी होगा। लीग स्टेज में टीम इंडिया ने जिस तरह का खेल दिखाया, ऐसा लगने लगा कि कप एक बार फिर हमारा है।
लेकिन सुपर-8 के पहले ही मुकाबले में करारी शिकस्त ने सभी की उम्मीदों को एक झटका दिया। इस हार ने न सिर्फ क्रिकेट फैंस के दिल तोड़े बल्कि सारे समीकरण भी उलट-पलट कर दिये।
दोनों टीमों के रन रेट में कितनी दूरी
सुपर-8 के पहले मैच में करारी शिकस्त के बाद टीम इंडिया का नेट रन रेट -3.800 है।
इधर पहले मैच वेस्टइंडीज के हाथों बुरी तरह पिटने के बाद जिम्बाब्वे का नेट रन रेट भारत से भी बहुत ज़्यादा खराब हो चुका है।
जिम्बाब्वे का नेट रन रेट इस समय -5.350 है। इस तरह से ग्रुप में 1-1 मैच खेलने के बाद तीसरे नंबर पर टीम इंडिया और चौथे स्थान पर जिम्बाब्वे है।
ऐसी परिस्थिति में सबसे बड़ा सवाल यह है कि निगेटिव मार्किंग से पॉजीटिव मार्किंग की तरफ टीम इंडिया कैसे आ सकती है।
हालांकि यह इतना आसान नहीं है लेकिन अगर टीम एकजुट होकर अपने शानदार फॉर्म में खेले तो यह असंभव भी नहीं है।
(-) से (+) होने का गणित
अगर टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी करती है और निर्धारित ओवरों में 200 के आसपास स्कोर बनाती है।
ऐसे में जिम्बाब्वे को 120 रनों के भीतर ही समेटना होगा। अगर भारत 77 रनों या उससे ज़्यादा बड़ी जीत दर्ज करता है तो नेट रन रेट प्लस (+) में आ जायेगा।
अब अगर जिम्बाब्वे की टीम पहले बल्लेबाजी करती है। मान ले भारत को जीत के लिए 101 रनों का लक्ष्य मिला है तो उसे 7.1 ओवर में जीतना होगा।
वहीं 151 रनों का लक्ष्य 11 ओवर में पूरा करना होगा। मतलब 14 से 15 रन प्रति ओवर के हिसाब से रन बनाकर जीत दर्ज करनी होगी।
सुनने में थोड़ा मुश्किल ज़रूर लग रहा है लेकिन ईशान किशन, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जैसे बल्लेबाजों के लिए ये आंकड़ा बहुत छोटा है। अगर उनका बल्ला चल गया तो फिर सिर्फ रिकॉर्ड की बारिश ही होती है।
एक नज़र डालते हैं दोनों टीमों पर
टीम इंडियाः अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, संजू सैमसन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरूण चक्रवर्ती, मोहम्मद सिराज, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा।
जिम्बाब्वे की टीमः ब्रायन बेनेट, क्लाइव मदांडे, सिकंदर रजा(कप्तान), टिनोटेंडा मापोसा, तदिवानाशे मारुमनी वेलिंगटन मसाकाद्जा, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्लेसिंग मुजाराबानी, डायोन मायर्स, रिचर्ड नागरवा, रेयान बर्ल, ग्रीम क्रेमर, बेन कुरेन, ब्रैड इवांस।
