कोहली की विराट पारी ने छीना केकेआर से मैच, अंक तालिका में टॉप पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू

IPL RCB Vs KKR match: विराट कोहली के आगे कोलकाता नाइट राइडर्स ने घुटने टेक दिये।

कोहली के शानदार नाबाद शतक की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर अंक तालिका में टॉप पर जगह बना ली।

इस हार के साथ ही केकेआर की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।

अब प्लेऑफ के लिए कोलकाता की उम्मीदें खुद के साथ दूसरी टीमों के प्रदर्शन पर भी निर्भर है।

कोलकाता नाइट राइडर्स की बल्लेबाजी

रायपुर में खेले गये मुकाबले में केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 192 रन बनाये।

शुरूआती झटकों के बाद अंगकृष रघुवंशी और रिंकू सिंह की पारियों की बदौलत कोलकाता ने एक अच्छा स्कोर खड़ा किया।

रघुवंशी ने 46 गेंदों पर 71 और रिंकू सिंह ने 29 गेंदों पर 49 रन बनाये।

अजिंक्य रहाणे ने 19 और फिन एलन ने 18 रनों का योगदान दिया।

बेंगलुरू की ओर से भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और रसिक सलाम को 1-1 विकेट मिला।

विराट के आगे नतमस्तक गेंदबाज

193 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के लिए विराट कोहली और जैकब बेथल ने तेज शुरूआत की।

हालांकि बेथल लंबी पारी नहीं खेल पाये और 15 रन बनाकर पैवेलियन लौट गये।

इसके बाद देवदत्त पडिक्कल के साथ मिलकर विराट कोहली ने 92 रनों की साझेदारी की।

पडिक्कल 39 रन बनाकर कार्तिक की गेंद पर रहाणे के हाथों लपके गये।

इसके बाद रजत पाटीदार और टिम डेविड उतरे लेकिन दोनों सस्ते में ही आउट हो गये।

इसके बाद जितेश शर्मा के साथ मिलकर विराट कोहली ने 19.1 ओवर में ही जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया।

विराट ने 60 गेंदों पर नाबाद 105 रन बनाये। अपनी पारी के दौरान उन्होंने 11 चौके और 3 छक्के लगाये।

कोहली को शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच दिया गया।

केकेआर की ओर से कार्तिक त्यागी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके जबकि सुनील नरेन को 1 विकेट मिला।

अंक तालिका में टॉप पर आरसीबी

इस सीजन में खेले गये 12 मैचों में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने 8वीं जीत दर्ज की।

16 अंकों के साथ बेहतर रन रेट के आधार पर बेंगलुरू टॉप पर पहुंच गयी है।

वहीं दूसरे स्थान पर गुजरात टाइटंस भी 16 अंकों के साथ बनी हुई है।