Chhatarpur Nagar Panchayat: छतरपुर नगर पंचायत के अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने रांची में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात की।
इस दौरान नगर अध्यक्ष ने राज्यपाल को ज्ञापन भी सौंपा।
ज्ञापन के जरिये अरविंद गुप्ता ने छतरपुर को जिला बनाने सहित नगर पंचायत को विशेष फंड उपलब्ध कराने की बात कही।
रांची स्थित लोकभवन में शिष्टाचार मुलाकात के दौरान नगर अध्यक्ष ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार को अंगवस्त्र एवं गुलदस्ता भेंट किया।
दोनों के बीच छतरपुर नगर पंचायत के विकास एवं जनसमस्याओं से संबंधित चर्चा हुई।
छतरपुर को जिला बनाने की मांग
नगर अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से छतरपुर को जिला बनाए जाने की मांग करते हुए कहा कि पलामू से अलग कर छतरपुर को जिला का दर्जा दिया जाए, ताकि क्षेत्र का चौमुखी विकास हो सके।
उन्होंने कहा कि छतरपुर भौगोलिक, प्रशासनिक एवं जनसंख्या की दृष्टि से जिला बनने की सभी अहर्ताओं को पूरा करता है।
जिला बनने से क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक सुविधाएं सुलभ होंगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार एवं व्यापार के क्षेत्र में तेजी से विकास होगा।
विकास कार्यों के लिए फंड की मांग
नगर अध्यक्ष ने छतरपुर नगर पंचायत के समग्र विकास के लिए विशेष फंड उपलब्ध कराने की मांग भी की।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में पेयजल, सड़क, विद्युत, सफाई व्यवस्था, ट्रैफिक व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता की आवश्यकता है।
मुलाकात के दौरान नगर अध्यक्ष ने नगर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से राज्यपाल को अवगत कराया।
राज्यपाल ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।
मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए नगर अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि वे छतरपुर के सर्वांगीण विकास एवं आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत हैं और आगे भी जनहित की समस्याओं को दूर करने करने की प्रतिबद्धता से कोशिश होगी।
