Rajasthan Royals face Punjab: आईपीएल के इस सीजन में अजेय पंजाब किंग्स की भिड़ंत राजस्थान रॉयल्स से आज शाम होने वाली है।
न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में यह मुकाबला खेला जायेगा।
इस प्रतियोगिता में पंजाब किंग्स की टीम अब तक अजेय रही है और अंक तालिका में नंबर वन पर बनी हुई है।
पंजाब किंग्स ने 7 में 6 मुकाबले जीते हैं और एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था।
वहीं राजस्थान रॉयल्स 8 मुकाबलों में 5 में जीत के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर है।
राजस्थान रॉयल्स की टीम
राजस्थान रॉयल्स ने अब तक 5 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। जीते गये सभी 5 मुकाबलों में रॉयल्स के 3 शीर्ष बल्लेबाजों ने शानदार खेल दिखाया है।
वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल ने अब तक राजस्थान की बल्लेबाजी को संभाल कर रखा है।
वैभव सूर्यवंशी गेंदबाजों के लिए सिर दर्द बने हुए हैं। 234 की स्ट्राइक रेट से वे गेंदबाजों की जमकर पिटाई कर रहे हैं।
अब तक 357 रन बनाकर इस समय वे ऑरेंज कैप के दावेदारों में चल रहे हैं।
वैभव इस सीजन अब तक 32 छक्के लगा चुके हैं और 35 गेंदों पर 1 शतकीय पारी भी खेल चुके हैं।
राजस्थान के लिए चिंता
आरआर के लिए सबसे बड़ी चिंता उसकी बल्लेबाजी क्रम में मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज हैं।
कप्तान रियान पराग पिछले 8 मैचों में हर मोर्चे पर फेल दिखायी दिये हैं।
गेंदबाजी हो या बल्लेबाजी दोनों में पराग का खराब प्रदर्शन जारी है।
हालांकि राजस्थान की गेंदबाजी अब तक बेहद संतुलित नज़र आई है।
जोफ्रा आर्चर की अगुवाई में नांद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा और संदीप शर्मा अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं।
पंजाब किंग्स की टीम
श्रेयस अय्यर की अगुवाई में पंजाब किंग्स की टीम के हौसले बुलंद हैं।
पिछले मैच में पंजाब किंग्स ने रिकॉर्ड रन चेज कर जीत दर्ज की थी।
प्रभसिमरन और श्रेयस अय्यर ने कमाल की पारी खेल दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाजों की मेहनत पर पानी फेर दिया था।
प्रियांश आर्या अच्छी लय में हैं और गेंदबाजों की जमकर पिटाई कर रहे हैं।
कूपर कोनोली, मार्कस स्टॉयनिस, नेहाल वढेरा अच्छी लय में हैं।
गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह बेहतरीन गेंदबाजी कर रहे हैं। उनका साथ विजय कुमार वैशाख, यानसेन, बार्टलेट और युजवेंद्र चहल बखूबी दे रहे हैं।
मुल्लापुर का मैदान रनों की बारिश के लिए जाना जाता है। ऐसे में यहां पर राजस्थान और पंजाब दोनों टीमों के गेंदबाजों की अग्निपरीक्षा होगी।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग XI
पंजाब किंग्सः प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्या, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहाल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टॉयनिस, मार्को यान्सेन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाख, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल।
राजस्थान रॉयल्सः यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरॉन हेटमायर, डोनोवन फेरेरा, रवींद्र जाडेजा, जोफ्रा आर्चर, तुषार देशपांडे, नांद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा, रवि बिश्नोई।
