Punjab Vs Rajsthan: आईपीएल सीजन 19 में आखिरकार पंजाब किंग्स का विजय रथ रूक गया। यशस्वी जायसवाल और डोनोवन फरेरा की शानदार पारी और वैभव सूर्यवंशी और शुभम दुबे की तूफानी पारी ने पंजाब को पहली हार थमा दी।
223 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने धमाकेदार शुरूआत की।
वैभव सूर्यवंशी ने महज 16 गेंदों पर 43 रनों की पारी खेली।
उनके आउट होने के बाद ध्रुव जुरेल और यशस्वी जायसवाल ने 38 गेंदों में 54 रनों की साझेदारी की।
ध्रुव जुरेल लय में नहीं दिखे और 20 गेंदों पर 16 रन बनाकर आउट हो गये।
यशस्वी जायसवाल 27 गेंदों पर 51 रनों की पारी खेल आउट हो गये।
कप्तान रियान पराग का खराब फॉर्म जारी है। हालांकि मैदान पर उतरकर उन्होंने कुछ अच्छे हाथ ज़रूर दिखाये लेकिन 29 रन बनाकर पैवेलियन लौट गये।
14 ओवर में टीम का स्कोर 151 रन 4 विकेट के नुकसान पर हो गया।
36 गेंदों पर जीत के लिए 72 रनों की दरकार थी।
इसके बाद डोनोवन फरेरा और शुभम दुबे ने मोर्चा संभाला और शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को जीत दिला दी।
फरेरा ने 26 गेंदों पर नाबाद 52 रन बनाये जबकि शुभम दुबे ने 12 गेंदों पर ही नाबाद 31 रन ठोंक दिये।
पंजाब की ओर से युजवेंद्र चहल ने 3 और अर्शदीप सिंह ने 1 विकेट लिया।
पंजाब किंग्स की बल्लेबाजी
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी किंग्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 222 रन बनाये।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी प्रियांश ने अच्छी शुरूआत की। 2.4 ओवर में ही पंजाब ने 37 रन ठोंक दिये जिसमें 29 रन प्रियांश के थे।
मार्कस स्टॉयनिस और प्रभसिमरन सिंह ने शानदार अर्धशतक जमाया।
स्टॉयनिस ने 22 गेंदों पर 4 चौके और 6 छक्कों की मदद से नाबाद 62 रन बनाये।
पंजाब की हार का विलेन कौन
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों को पता है कि सामने वाली टीम में खतरनाक बल्लेबाज हैं।
वैभव, यशस्वी और ध्रुव जुरेल की तूफानी बल्लेबाजी सब देख चुके हैं।
ऐसे में कम से कम 250 रनों का स्कोर बनाकर ही उनसे मुकाबला किया जा सकता है। लेकिन इस मैच में ऐसा नहीं हुआ।

प्रभसिमरन सिंहः इस सलामी बल्लेबाज ने इस मैच में बेहद संभलकर बल्लेबाजी की।
अर्धशतक ज़रूर जमाया लेकिन स्ट्राइक रेट 134 का रहा।
44 गेंदों का सामना कर सिर्फ 1 छक्का और 6 चौका जड़ा और 59 रन बनाकर आउट हो गये।
श्रेयस अय्यरः कप्तान श्रेयस अय्यर बेहतरीन फॉर्म में हैं, लेकिन इस मैच में उनका बल्ला नहीं चला।
8.2 ओवर में 96 रन के कुल स्कोर पर वे बल्लेबाजी करने आये।
लेकिन कई बार बल्ला बदलने के बाद भी तेज हिट लगाने में सफल नहीं हुए।
27 गेंदों का सामना कर सिर्फ 1 छक्का और 1 चौका लगाकर वे 30 रन ही बना पाये।
श्रेयस और प्रभसिमरन ने पारी के 120 गेंदों में 71 गेंदों का सामना किया और सिर्फ 89 रन जोड़े।
अर्शदीप सिंहः टीम इंडिया का ये तेज गेंदबाज काफी महंगा साबित हुआ।
4 ओवर की गेंदबाजी में 17 रन की इकोनॉमी से 68 रन लुटाये।
लॉकी फर्ग्युसनः दुनिया के धाकड़ गेंदबाजों की सूची में शुमार फर्ग्युसन ने 24 गेंदों पर 14.25 की इकोनॉमी से 57 रन लुटाये।
मार्को यान्सेनः दक्षिण अफ्रीका का ये बेहतरीन ऑलराउंडर खिलाड़ी है।
लेकिन इस मैच में 3.2 ओवर में ही 12.30 की इकोनॉमी से 41 रन लुटाये।
