रांची के आध्या और वेदांत को भारतीय टीम में मिली जगह, चीन में एशियन जूनियर स्कवॉश प्रतियोगिता में खेलेंगे

Asian Junior Squash Championship: भारतीय स्कवॉश टीम में रांची के दो उभरते हुए खिलाड़ियों का चयन हुआ है। रांची की आध्या बुधिया और वेदांत अग्रवाल का चयन भारतीय टीम में हुआ है।

दोनों 33वीं एशियन जूनियर इंडिविजुअल स्कवॉश चैंपियनशिप 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

20 मई से 24 तक मई तक 33वीं एशियन जूनियर इंडिविजुअल स्कवॉश चैंपियनशिप चीन में आयोजित होने वाली है।

चयन ट्रायल में बेहतर खेल का प्रदर्शन

इससे पहले चेन्नई में 30 मार्च से 4 अप्रैल तक आयोजित चयन ट्रायल्स में प्रत्येक वर्ग के टॉप 8 खिलाड़ियों को आमंत्रित किया गया था।

इन ट्रायल्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों खिलाड़ियों ने भारतीय टीम में अपनी जगह सुनिश्चित की।

आध्या बुधिया ने GU-15 वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि वेदांत अग्रवाल ने BU-15 वर्ग में चौथा स्थान हासिल किया।

आध्या बिशप वेस्टकॉट गर्ल्स स्कूल, नामकुम की 10वीं कक्षा की छात्रा हैं, जबकि वेदांत सेंट एंथनी स्कूल, डोरंडा के 9वीं कक्षा के छात्र हैं।

दोनों खिलाड़ी वर्तमान में रांची के मेन रोड स्थित क्रॉस कोर्ट में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

इस उपलब्धि पर उनके कोच सुदेश कन्नाह मोहन, विजय उरांव, उदय चंद राय, हैरी थापा एवं रचित शैलया ने खुशी जताते हुए दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

वहीं, क्रॉस कोर्ट की प्रोप्राइटर स्वेता बुधिया ने भी बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस उपलब्धि पर क्रॉस कोर्ट के खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों में हर्ष का माहौल है।