जमन लाल शर्मा पुरस्कार से सम्मानित होकर सिमडेगा पहुंचे मनोज कोनबेगी, हुआ भव्य स्वागत

Hockey Simdega: दिल्ली में हॉकी इंडिया की तरफ से आयोजित समारोह में कई पुरस्कार दिये गये। इसी दौरान हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी को बेहतर योगदान के लिए जमन लाल शर्मा पुरस्कार दिया गया। पुरस्कार केन्द्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया के हाथों प्रदान किया गया।

सम्मान मिलने के बाद मनोज कोनबेगी सिमडेगा पहुंचे। यहां सिमडेगा के हॉकी खिलाड़ियों की तरफ से उनका भव्य स्वागत किया गया।

सिमडेगा जिले के विभिन्न खेल छात्रावास के खिलाड़ियों और हॉकी सिमडेगा के पदाधिकारियों ने ढोल-नगाड़ा के साथ नाचते-गाते भव्य स्वागत किया।

जिला खेल कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में सभी ने खुशी जाहिर की। इस अवसर पर खिलाड़ियों और खेल संघ के पदाधिकारियों के साथ-साथ सिमडेगा जिले के खेल समर्थकों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सिमडेगा जैसे छोटे जिले के खेल और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर इतना बड़ा सम्मान मिलना सिमडेगा जिला के लिए गौरव की बात है।

पदाधिकारियों ने कहा कि इस सम्मान से सिमडेगा के खेल प्रशंसकों और सपोर्टर को प्रोत्साहन मिलेगा और वे भी आगे जाकर खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में अपना सहयोग करेंगे।

सिमडेगा हॉकी अध्यक्ष ने जताया आभार

स्वागत समारोह में धन्यवाद करते हुए मनोज कोनबेगी ने कहा कि आज इस सम्मान को प्राप्त करते हुए मैं सिमडेगा जिले के पूर्व और वर्तमान के सभी हॉकी संघ के पदाधिकारी और प्रशंसकों याद करते हुए नमन कर रहा हूं। साथ ही मीडिया के साथियों धन्यवाद और आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने हमेशा खेल को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्पूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि सिमडेगा जिले के युवा युवती काफी ऊर्जावान और परिश्रमी हैं इन्हें बस एक अच्छा मंच और प्रोत्साहन का जरूरत है। हमारी टीम ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहन करने में कोई कसर नहीं छोड़ा है जिसका सम्मान आज राष्ट्रीय स्तर पर मिला है। यह सम्मान सिमडेगा जिले के खिलाड़ी, खेल प्रशंसकों और यहां की जनता को समर्पित है। पुरस्कार राशि को किसी आय के श्रोत में लगाकर इससे होने वाले शत-प्रतिशत आय खिलाड़ियों के विकास के खर्च किए जायेगे।