Cricket Training Camp: भारतीय लोक कल्याण संस्थान के खेलकूद इकाई रेलवे यूथ स्पोर्ट्स अकादमी के तत्वावधान में ग्रीष्मकालीन क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है।
रांची के साउथ रेलवे कॉलोनी मैदान में यह शिविर 30 मई तक चलेगा।
प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन के अवसर पर वार्ड-46 की सदस्य आरती कुमारी मौजूद रहीं।
इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन एवं समर्पण के साथ प्रशिक्षण लेने के लिए प्रेरित किया तथा आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की।
शिविर में जिले एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बालक एवं बालिकाएं भाग ले रहे हैं।
प्रशिक्षण हर दिन सुबह 6 बजे से 9.30 बजे तक आयोजित दिया जा रहा है।
इसमें खिलाड़ियों को क्रिकेट की बारीकियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
तकनीकी कमियों को निखारने का अवसर
शिविर के पहले दिन खिलाड़ियों को फिजिकल फिटनेस, वार्म-अप, रनिंग, फील्डिंग ड्रिल, बैटिंग एवं बॉलिंग की तकनीकों का अभ्यास कराया गया।
साथ ही खिलाड़ियों के खेल प्रदर्शन का वीडियो एनालिसिस कर उनकी तकनीकी कमियों को सुधारने एवं प्रतिभा को निखारने का कार्य भी किया गया।
शिविर का संचालन BCCI के सीनियर वीडियो एनालिस्ट एवं NIS क्रिकेट प्रशिक्षक चंद्रदेव सिंह के मार्गदर्शन एवं देखरेख में किया जा रहा है।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर से बच्चों को खेल के प्रति अनुशासन, फिटनेस एवं तकनीकी दक्षता विकसित करने का अवसर मिलता है।
उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास एवं समर्पण के साथ प्रशिक्षण लेने की अपील की।
