रांची में 4 दिवसीय एथलेटिक्स प्रशिक्षक सेमिनार शुरू, झारखंड के प्रशिक्षक सीख रहे अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण

Athletics Trainer Seminar: एथलेटिक्स प्रशिक्षकों के तकनीकी ज्ञान एवं कौशल विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया, नई दिल्ली एवं खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड, रांची के संयुक्त तत्वावधान में 4 दिवसीय प्रशिक्षक सेमिनार का भव्य शुभारंभ हुआ।

रांची के बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित यह सेमिनार 25 मई तक चलेगा।

इस सेमिनार में राज्य के एथलेटिक्स प्रशिक्षकों को देश एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी प्रशिक्षकों से नवीन तकनीकों, प्रशिक्षण पद्धतियों एवं खेल विज्ञान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन खेल निदेशक आसिफ इकराम एवं उपनिदेशक राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

उद्घाटन के अवसर पर दोनों अधिकारियों ने प्रशिक्षकों से परिचय प्राप्त करते हुए उनके योगदान की सराहना की तथा कहा कि प्रशिक्षकों की भूमिका खिलाड़ियों के भविष्य निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

उन्होंने कहा कि खेलों में बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए प्रशिक्षकों को समय-समय पर आधुनिक प्रशिक्षण तकनीकों से अवगत होना आवश्यक है।

इस मौके पर झारखंड एथलेटिक्स संघ की प्लानिंग कमेटी के चेयरमैन डॉ. मधुकांत पाठक ने सेमिनार में उपस्थित द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता एवं अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रशिक्षक डॉ. राधाकृष्ण नायर, डॉ. प्रवीर कुमार एवं राज मोहन एम. के. का स्वागत किया।

लॉन्ग टर्म एथलीट डेवलपमेंट पर जोर

सेमिनार के प्रथम दिन द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता डॉ. राधाकृष्ण नायर ने “लॉन्ग टर्म एथलीट डेवलपमेंट (Long Term Athlete Development)” विषय पर विस्तारपूर्वक व्याख्यान प्रस्तुत किया।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खिलाड़ियों के समग्र विकास हेतु प्रारंभिक अवस्था में अत्यधिक प्रशिक्षण भार देना उचित नहीं है।

उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि कम उम्र में खिलाड़ियों से अत्यधिक प्रदर्शन की अपेक्षा करने के बजाय उनके शारीरिक, मानसिक एवं तकनीकी विकास पर ध्यान देना अधिक आवश्यक है।

वैज्ञानिक प्रशिक्षण प्रणाली अपनाने और खिलाड़ियों के दीर्घकालीन विकास की रणनीति पर भी उन्होंने प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रशिक्षकों ने विषय विशेषज्ञों द्वारा साझा किए गए अनुभवों एवं सुझावों को अत्यंत उपयोगी बताया तथा ऐसे आयोजनों को खेल के विकास के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।

इस अवसर पर झारखंड एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष सी.डी. सिंह, सचिव एस.के. पांडे, कोषाध्यक्ष आशीष झा, आलोक मिश्रा, अजय नायक, शिव प्रसाद, अशोक महतो, साबिर हुसैन, आशु भाटिया, योगेश यादव, प्रभात रंजन तिवारी, आलोक सिंह, राकेश सिंह, नीरज राय, सुजाता ठाकुर, शैलेश कुमार, गंगाधर यादव, अशोक कुमार, तरसियुस कुजूर, अनुभा खाका, अनुकंपा रुंडा सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षक एवं खेल पदाधिकारी उपस्थित थे।