रांची के औरोबिंदो सोसाइटी में अंडर-12 क्रिकेट प्रतियोगिता का सफल आयोजन, औरोबिंदो लायंस बनी विजेता

Ranchi Cricket: औरोबिंदो सोसाइटी के तत्वावधान में एवं युवा खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सोमवार को रांची में अंडर-12 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में राजकुमार पाठक का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

औरोबिंदों लायंस ने जीती प्रतियोगिता

प्रतियोगिता में Aurobindo Lions एवं Aurobindo Tigers के बीच 20-20 ओवर का रोमांचक मुकाबला खेला गया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए औरोबिंदो लायंस की ओर से सम्राट रणवीर पाठक एवं गुरमीत ग्रोवर ने पारी की शुरुआत की।

टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 10 विकेट के नुकसान पर 79 रन बनाए।

सम्राट रणवीर पाठक ने टीम की ओर से सर्वाधिक रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

80 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी औरोबिंदो टाइगर्स की टीम की ओर से अर्नव सिंह ने सर्वाधिक 14 रनों की पारी खेली।

हालांकि औरोबिंदो लायंस के गेंदबाज हर्ष गुप्ता, यश एवं अर्नव ओझा की सटीक गेंदबाजी के सामने टाइगर्स की बल्लेबाजी टिक नहीं सकी और पूरी टीम 69 रनों पर ऑलआउट हो गई।

औरोबिंदो लायंस ने 10 रनों से शानदार जीत दर्ज कर प्रतियोगिता अपने नाम कर ली।

पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ मैदान में उपस्थित रही।

अभिभावकों, खेल प्रेमियों एवं स्थानीय नागरिकों का उत्साह खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने वाला रहा।

प्रतियोगिता में खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला।

मैच समाप्ति के उपरांत दोनों टीमों के सभी खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया।

प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

बेस्ट बैट्समैन: अर्नव सिंह

बेस्ट बॉलर: अर्नव कुमार

सर्वश्रेष्ठ फील्डर: सम्राट रणवीर पाठक

प्लेयर ऑफ द फाइनल मैच: हर्ष गुप्ता

बेस्ट कैच: हृत्विक कुमार

मौके पर मौजूद अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में खेल प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं आत्मविश्वास के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर आयोजित किए जाने की आवश्यकता है।