World Bicycle Day: विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को स्थानीय प्लस टू उच्च विद्यालय भवनाथपुर के प्रांगण में फिट इंडिया साइकिल चलाओ अभियान एवं खेलो इंडिया अस्मिता वुमन सिटी लीग का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जेएमएम नेता दीपक प्रताप देव, जिला परिषद सदस्य रंजनी शर्मा एवं सीआई प्रेमशंकर पाल ने संयुक्त रूप से साइकिल रेस को हरी झंडी दिखाकर किया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर से साइकिल रैली निकाली गई, जो मुख्य पथ होते हुए कर्पूरी चौक तक पहुंची तथा वहां से पुनः विद्यालय परिसर लौटी।
रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों तथा स्थानीय युवाओं ने भाग लिया।
प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण तथा सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।
अतिथियों ने कहा कि साइकिल न केवल एक सस्ता और सुलभ परिवहन साधन है, बल्कि यह स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का भी प्रभावी माध्यम है।
महिलाओं और युवतियों की खेलों में बढ़ती भागीदारी समाज के लिए सकारात्मक संकेत है, खेलो इंडिया अस्मिता वुमन सिटी लीग जैसे कार्यक्रम महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
रैली में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को मिला सम्मान
साईकिल रेस के एलीट ग्रुप में प्रथम स्थान प्रियांजलि कुमारी, द्वितीय स्थान नजरीन खातून और तृतीय स्थान जूही कुमारी ने हासिल किया।
जूनियर ग्रुप में प्रथम स्थान ट्विंकल कुमारी, द्वितीय स्थान अंशिका कुमारी गुप्ता और तृतीय स्थान अमिता कुमारी ने हासिल किया।
सब जूनियर ग्रुप में प्रथम स्थान बेबी कुमारी, द्वितीय स्थान गौरी कुमारी एवं तृतीय स्थान पर मदीना प्रवीण रहीं।
सभी सफल प्रतिभागियों को आयोजन समिति की ओर से मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मौके पर टेक्निकल ऑफिशियल के रूप में सुशील तिवारी, किशोर कुणाल, चंद्र बहादुर सिंह, अजय कांत, फुलेंद्र यादव, अजीत कुमार, चमन सिंह और शोभनाथ साह उपस्थित थे।
यह कार्यक्रम गढ़वा जिला साइकिलिंग संघ के सचिव अरविंद दुबे एवं कोषाध्यक्ष सह जिला प्रभारी ओमप्रकाश गुप्ता की देख-रेख में संपन्न हुआ।
