PhD Achievement: पत्रकार और लेखिका अंशिता सिन्हा ने अपनी उपलब्धियों में एक और कदम बढ़ाया है। अंशिता को डॉक्टर (विद्या वाचस्पति) की मानद उपाधि से विभूषित किया गया है। उन्हें यह सम्मान काशी हिन्दी विद्यापीठ के कुल सचिव इंद्रजीत तिवारी और कोषपाल पवन कुमार सिंह के कर कमलों द्वारा प्रदान किया गया। रांची में आयोजित इस कार्यक्रम में सेंट जेवियर कॉलेज रांची के भूतपूर्व हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉक्टर कमल कुमार बोस, वरिष्ठ साहित्यकार अनिता रश्मि, प्रतिभा प्रसाद कुमकुम, डॉ. श्याम कुंवर भारती और मधुमिता साहा के साथ-साथ देश भर से आये कई साहित्यकार मौजूद थे।
उत्कृष्ट योगदान के लिए मिलता है सम्मान
दरअसल यह प्रतिष्ठित शैक्षणिक सम्मान किसी क्षेत्र में असाधारण उपलब्धि एवं सामाजिक प्रभाव के लिये दिया जाता है। अंशिता सिन्हा को यह सम्मान साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिये प्रदान किया गया। वे कई वर्षों से साहित्य जगत में लेखनी के जरिये अनवरत सेवा करती आ रही हैं। अब तक उनकी चार किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं जिनमें एक कहानी संग्रह और तीन काव्य संग्रह है। पांचवीं किताब भी जल्द ही प्रकाशित होने वाली है। इसके अलावा वे कई साझा संग्रह का संपादन भी कर चुकी हैं। कई अन्य प्रतिष्ठित सम्मान भी उनके नाम दर्ज हैं।
अंशिता बिहार के नालंदा जिला स्थित नगरनौसा थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव के निवासी मंजू रानी और जनार्दन प्रसाद की पुत्री हैं।
