Gujarat Titan won: कागिसो रबाडा और जेसन होल्डर की अगुवाई में गुजरात टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया।
सनराइजर्स की पूरी टीम 14.5 ओवर में ही 86 रनों पर आउट हो गयी।
गुजरात ने 82 रनों से मुकाबला अपने नाम कर लगातार पांचवी जीत दर्ज की।
इसी के साथ गुजरात टाइटंस ने अंक तालिका में टॉप पर जगह बनाते हुए प्लेऑफ में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है।
सुदर्शन-सुंदर की पारी ने बचायी लाज
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम की शुरूआत अच्छी नहीं रही।
प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन ने गुजरात के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
कप्तान शुभमन गिल (5) और जोस बटलर (7) का विकेट लेकर प्रफुल्ल हिंगे ने गुजरात को बैकफुट पर ढकेला।
बाद में साकिब हुसैन ने अर्धशतक जमाने वाले दोनों बल्लेबाजों को आउट कर दिया।
पैट कमिंस ने एक विकेट लिया।
साई सुदर्शन ने सबसे ज़्यादा 61 और वाशिंगटन सुंदर ने 50 रनों की पारी खेली।
गुजरात टाइटंस ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 168 रन बनाये।
सनराइजर्स हैदराबाद 86 रनों पर सिमटी
हैदराबाद की टीम में ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन जैसे बल्लेबाजों को देखते हुए 169 रनों का लक्ष्य बेहद आसान लग रहा था।
SRH की बल्लेबाजी देखते हुए कयास लगाये जाने लगे थे कि हैदराबाद यह मुकाबला 12 ओवर से पहले ही खत्म कर देगी।
लेकिन कागिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने कुछ और ही सोच रखा था।
56 रन बनाते-बनाते हैदराबाद के सभी धाकड़ बल्लेबाज पैवेलियन लौट चुके थे।
ट्रेविस हेड (0), अभिषेक शर्मा (6), ईशान किशन (11), हेनरिक क्लासेन (14), रविचंद्रन (9), सलिल अरोड़ा (16) ने 10.1 ओवर में ही अपना विकेट गंवा दिया।
हैदराबाद के 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।
कागिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने 3-3 विकेट लिये। प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 विकेट लिया।
मोहम्मद सिराज और राशिद खान ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
