Air Ambulance Crashed: रांची से दिल्ली जा रहा एक एयर एंबुलेंस (Air Ambulance) चतरा में क्रैश हो गया।
इस दुर्घटना में एक मरीज समेत 7 लोगों की मौत हो गयी। घटना सिमरिया थाना क्षेत्र में घटी।
रांची एयरपोर्ट (Ranchi Airport) से शाम 7 बजकर 11 मिनट पर एयर एंबुलेंस ने दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी।
उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही विमान का संपर्क ATC से टूट गया। बताया जा रहा है कि कोलकाता ATC से संपर्क स्थापित होने के बाद करीब 7 बजकर 34 मिनट पर विमान का रडार से संपर्क टूट गया।
एयर एंबुलेंस में कौन-कौन थे सवार
रेड बर्ड एविएशन कंपनी (Red Bird Aviation) की इस मेडिकल एयरक्राफ्ट एक गंभीर मरीज संजय कुमार को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जा रहा था।
इस एयरक्राफ्ट में मरीज के परिजन अर्चना देवी और धुरू कुमार सवार थे। उनके अलावा डॉक्टर विकास कुमार गुप्ता, पारा मेडिकल स्टाफ सचिन कुमार मिश्रा भी मौजूद थे। विमान को उड़ाने वाले पायलटों में कैप्टन विवेक विकास भगत और कैप्टन सवराजदीप सिंह भी शामिल थे।

मरीज संजय कुमार एक दुर्घटना में बुरी तरह जल गये थे और रांची के देव कमल अस्पताल (Dev Kamal Hospital) में उनका इलाज चल रहा था।
63 फीसदी बर्न के बाद उनकी हालत धीरे-धीरे खराब हो रही थी। परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के बड़े अस्पताल का रूख करने का प्रयास किया। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
चतरा के सिमरिया स्थित करमाटांड गांव का इलाका घने जंगलों के बीच है। संभावना जताई जा रही है खराब मौसम इस दुर्घटना का कारण हो सकता है।
हालांकि मामले की जांच के लिए AAIB की टीम दुर्घटनास्थल पहुंच चुकी है।
