Right to Information: झारखंड के नवनियुक्त सूचना आयुक्त एवं वरिष्ठ पत्रकार अनुज कुमार सिन्हा का रांची प्रेस क्लब की ओर से रविवार को अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर ‘सूचना का अधिकार: पारदर्शिता, जवाबदेही और पत्रकारिता’ विषय पर संवाद का आयोजन किया गया, जिसमें सूचना के अधिकार कानून की उपयोगिता, पारदर्शिता और लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई।
पद्मश्री बलबीर दत्त ने सूचना के अधिकार की जानकारी दी
समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार पद्मश्री बलबीर दत्त ने की।
उन्होंने कहा कि सूचना का अधिकार शासन-प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
स्वीडन का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां पिछले लगभग 250 वर्षों से सूचना तक पहुंच की व्यवस्था और परंपरा रही है, जिसके कारण वह दुनिया के सबसे पारदर्शी और न्यूनतम भ्रष्टाचार वाले देशों में गिना जाता है।
नवनियुक्त सूचना आयुक्त अनुज कुमार सिन्हा को शुभकामनायें देते हुए उन्होंने कहा कि उनके पास पत्रकारिता का लंबा और समृद्ध अनुभव है।
ऐसे में उनसे अपेक्षा है कि वे सूचना आयुक्त के रूप में अपने दायित्वों और चुनौतियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे।
शासन-प्रशासन को जवाबदेह और पारदर्शी बनाता है सूचना का अधिकार- बैजनाथ मिश्र
पूर्व सूचना आयुक्त बैजनाथ मिश्र ने सूचना का अधिकार अधिनियम की विभिन्न धाराओं और उसकी व्यावहारिक उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस कानून के प्रति केवल पत्रकारों ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों में भी व्यापक जागरूकता पैदा करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सूचना का अधिकार नागरिकों को सशक्त बनाता है और शासन-प्रशासन को अधिक जवाबदेह एवं पारदर्शी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
सूचना आयुक्त के रूप में पत्रकार बिरादरी को मिला सम्मान- अनुज सिन्हा
अपने संबोधन में सूचना आयुक्त अनुज कुमार सिन्हा ने कहा कि उन्हें मिली नई जिम्मेदारी केवल उनका व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरी पत्रकार बिरादरी का सम्मान है।
उन्होंने कहा कि सूचना के अधिकार कानून की मूल भावना के अनुरूप पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने का उनका प्रयास रहेगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार रजत गुप्ता, किसलय, दीपक अंबष्ठ, प्रकाश सहाय, प्रमोद झा और अजय कुकरेती सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
रांची प्रेस क्लब की ओर से अध्यक्ष शंभु नाथ चौधरी, सचिव अभिषेक सिन्हा, सह सचिव चंदन भट्टाचार्य, कोषाध्यक्ष कुबेर सिंह, कार्यकारिणी सदस्य संतोष कुमार सिन्हा, राजन बॉबी, प्रतिमा कुमारी, चंदन वर्मा और सौरभ शुक्ला ने अतिथियों का स्वागत किया।
इसके अलावा प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र सोरेन, पूर्व सचिव अमरकांत, पूर्व सचिव अखिलेश सिंह, पूर्व उपाध्यक्ष पिंटू दुबे, पूर्व उपाध्यक्ष धर्मेंद्र गिरि, पूर्व कोषाध्यक्ष सुशील कुमार सिंह, भारत भूषण प्रसाद, दीपक ओझा, वेद प्रकाश, देवेंद्र सिंह, मृदुला संतोष, सुनील गुप्ता, संतोष गुप्ता, हिमांशु शेखर, जगदीश सिंह, राकेश सिंह, अशोक द्विवेदी, मनोज शर्मा, मनीष झा और अंकुर सिन्हा सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।
