विम्बलडन में भारी उलटफेर, डिफेंडिंग चैंपियन इगा स्वियातेक और 2022 की चैंपियन एलिना रायबकिना का सफर समाप्त

Wimbledon Championship 2026: विम्बलडन में अमेरिका की मैडिसन कीज ने पहला सेट गंवाने के बाद अमांडा अनिसिमोवा को हराकर अगले राउंड में प्रवेश किया।

मैडिसन कीज ने मुकाबला 3-6, 6-2, 6-3 से जीता।

कीज ने अपने करियर में छठी बार अंतिम 16 में जगह बनायी है।

मैच की शुरूआत में अमांडा अनिसिमोवा ने शानदार खेल दिखाते हुए पहला सेट 6-3 से अपने नाम कर लिया।

लेकिन इसके बाद मैडिसन कीज ने वापसी करते हुए दूसरा सेट 6-2 से जीत लिया और 1-1 सेट की बराबरी पर मुकाबले को ला खड़ा किया।

तीसरे और निर्णायक सेट में कीज ने अपना फॉर्म बरकरार रखा और 6-3 से अपने नाम कर लिया।

कीज ने विम्बलडन करियर में 30वीं जीत दर्ज की।

इस मुकाबले के दौरान अनिसिमोवा ने 7 डबल फॉल्ट किये।

इसी का खामियाजा उन्हें हार के तौर पर भुगतना पड़ा।

अब मैडिसन कीज का सामना नौंवी वरीयता प्राप्त चेक गणराज्य की लिंडा नोस्कोवा से होगा।

लिंडा नोस्कोवा ने संघर्षपूर्ण जीत दर्ज की

चेक गणराज्य की लिंडा नोस्कोवा ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में सोराना सिर्स्टिया को हराकर अगले राउंड में प्रवेश किया।

पहला सेट 2-6 से हारने के बाद नोस्कोवा ने शानदार वापसी करते हुए दूसरा सेट 6-3 से जीत लिया।

तीसरे और निर्णायक सेट में टाई ब्रेकर में मुकाबला रोमांचक रहा।

अंत में नोस्कोवा ने 7-6 (9) से सेट जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

तीसरे सेट में सोराना को एक मैच प्वाइंट भी मिला लेकिन नोस्कोवा ने उसका बचाव करते हुए मैच जीता।

विम्बलडन में बड़ा उलटफेर भरा दिन रहा

महिला सिंगल्स में बेल्जियम की एलिस मर्टेंस ने कजाकिस्तान की एलेना रायबाकिना को हराकर अगले राउंड में प्रवेश किया।

वहीं एलेक्जेंड्रा एला ने तीसरी वरीयता प्राप्त पोलैंड की इगा स्वियाटेक को हराकर प्रतियोगिता से बाहर कर दिया।

फिलिपींस की एलेक्जेंड्रा एला ने यह मुकाबला सीधे सेटों में 7-6, 6-2 से जीता।

एला फिलिपींस की पहली खिलाड़ी हैं जिन्होंने ग्रैंड स्लैम सिंग्लस प्रतियोगिता के चौथे राउंड में जगह बनायी है।

वहीं विश्व की नंबर 2 खिलाड़ी एलिना रायबकिना प्रतियोगिता से बाहर हो गयीं।

उन्हें एलिस मर्टेन्स ने 7-6, 6-1 से हराकर बड़ा उलटफेर किया।

अलेक्जेंडर ज्वेरेव अगले दौर में पहुंचे

पुरूष सिंगल्स में दूसरी वरीयता प्राप्त जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने अगले दौर में प्रवेश कर लिया।

ज्वेरेव ने अमेरिका के मार्कोस गिरोन को 6-2, 7-6, 6-4 से हराया।