Waiting for postings JPSC Officers: झारखंड में अफसरों को अतिरिक्त जिम्मेदारियों का बोझ देने में सरकार पीछे नहीं है।
बीते 22 मई को कार्मिक विभाग ने झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के स्थानांतरण और पदस्थापन की दो लिस्ट जारी की।
पहली लिस्ट में 54 और दूसरे में 16 अधिकारियों को स्थानांतरित किया गया।
इन लिस्टों में प्रतीक्षारत कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गयी।
पहली लिस्ट में 16 अधिकारियों को अपने वर्तमान पद के साथ अतिरिक्त प्रभार की जिम्मेदारी दी गयी।
वहीं दूसरी लिस्ट में भी 16 अधिकारियों को अपने पदों के साथ अतिरिक्त प्रभार दिया गया।
दोनों सूची को मिला दें तो अतिरिक्त प्रभार वाले अधिकारियों की संख्या 32 हो जायेगी।
इधर झारखंड प्रशासनिक सेवा के 20 से अधिक अधिकारी बीते एक वर्ष से भी अधिक समय से अपनी पोस्टिंग का इंतज़ार कर रहे हैं।
ये अधिकारी हर रोज कार्मिक विभाग में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हैं।
सवाल यह है कि जब पदस्थापना के इंतज़ार में अधिकारी मौजूद हैं फिर भी वर्तमान में पदों के साथ अतिरिक्त प्रभार देने की क्या मजबूरी है।
कम जिम्मेदारी होने पर अधिकारी उसका बखूबी निर्वहन कर सकते हैं, लेकिन दो या तीन जगहों का एक साथ प्रभार होने पर काम में शिथिलता आना स्वाभाविक है।
