FIFA World Cup 2026: टेक्सास के आर्लिंगटन में मिस्र ने इतिहास रचते हुए ऑस्ट्रेलिया को फीफा वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया।
मिस्र ने पहली बार फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में नॉक आउट मुकाबला जीता है।
पेनाल्टी शूटआउट में मिस्र ने मारी बाजी
मैच के निर्धारित समय और एक्स्टा टाइम में भी मुकाबला 1-1 की बराबरी पर रहा।
इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट से खेल का फैसला हुआ और मिस्र ने 4-2 से बाजी मार ली।
मिस्र ने अपने चारों पेनाल्टी को गोल में तब्दील किया जबकि ऑस्ट्रेलिया के हैरी साउटर और लुकास हेरिंगटन गोल दागने में चूक गये।
मैच के 13वें मिनट में मिस्र के इमाम अशूर ने गोल दागकर 1- की बढ़त दिला दी।
करीम हाफेज के क्रॉस को इमाम अशूर ने हेडर के जरिये गोल में तब्दील किया।
दूसरे हाफ में मिस्र के आत्मघाती गोल ने ऑस्ट्रेलिया को 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया।
55वें मिनट में मिस्र के डिफेंडर मोहम्मद हानी ने गेंद को क्लियर करने की कोशिश की लेकिन खुद के गोल पोस्ट में मार बैठे।
एक्स्ट्रा टाइम में भी दोनों टीमों को कई मौके हाथ लगे लेकिन कोई भी गोल में तब्दील नहीं कर सका।
आखिरकार मैच पेनाल्टी शूट आउट में पहुंचा जहां मिस्र ने बाजी मार ली।
मिस्र की तरफ से स्टार फुटबॉलर मोहम्मद सलाह ने भी पेनाल्टी को गोल में तब्दील किया।
और मुकाबला हारते-हारते जीत गया अर्जेंटीना…
फीफा वर्ल्ड कप के एक रोमांचक मुकाबले में अर्जेंटीना ने केप वर्डे को 3-2 से हरा दिया।
एक्स्ट्रा टाइम तक चले इस मुकाबले में अर्जेंटीना को आखिरकार जीत मिली।
निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं।
एक्स्ट्रा टाइम में 3 गोल देखने को मिले जिसमें बाजी अर्जेंटीना के नाम रही।
अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनल मेसी का जादू जारी रहा और 29वें मिनट में गोल दागकर उन्होंने 1-0 की बढ़त दिला दी।
दूसरे हाफ में केप वर्डे के लिए डेरोय डुआर्टे ने 59वें मिनट में गोल दागा।
निर्धारित समय तक दोनों टीमों का स्कोर 1-1 की बराबरी पर रहा।
इसके बाद खेल एक्स्ट्रा टाइम में गया।
दूसरे मिनट में ही अर्जेंटीना के मार्टिनेज ने गोल दागकर टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी।
केप वर्डे भी इतनी आसानी से हार मानने को तैयार नहीं था और 103वें मिनट में सिडनी लोप्स कैबरल में शानदार गोल दागकर स्कोर को 2-2 की बराबरी पर ला खड़ा किया।
एक्स्ट्रा टाइम के आखिरी समय में केप वर्डे के बोर्गस ने बहुत बड़ी गलती कर दी और आत्मघाती गोल दागकर अर्जेंटीना को जीत का सेहरा पहना दिया।
लियोनल मेसी के नाम एक और रिकॉर्ड
फीफा वर्ल्ड कप में 30 मैच खेलने वाले लियोनल मेसी दुनिया के इकलौते खिलाड़ी बन गये हैं।
इसके अलावा विश्व कप में 20 गोल करने वाले भी पहले खिलाड़ी बन गये हैं।
