Hockey Jharkhand: हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह की अध्यक्षता में रांची में स्पेशल जनरल बॉडी की बैठक आयोजित हुई।
बैठक में राष्ट्रीय खेल नीति, अंतरराष्ट्रीय हॉकी संघ और हॉकी इंडिया के नियम-विनियमों के अनुरूप तैयार किए गए हॉकी झारखंड के बायलॉज को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई।
बैठक में झारखंड के सभी 24 जिलों से एक महिला और एक पुरुष पदाधिकारी शामिल हुए।
इसके साथ ही हॉकी झारखंड की कार्यकारिणी समिति के पदाधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।
2026-30 के लिए चुनाव कराने पर बनी सहमति
सदस्यों ने विस्तार से चर्चा के बाद 2026 से 2030 के लिए हॉकी झारखंड के आम चुनाव कराने का समिति में प्रस्ताव लाया गया, जिस पर सभी लोगों ने अपनी सहमति दी।
हॉकी झारखंड के महासचिव बिजय शंकर सिंह ने बताया कि नए बायलॉज के लागू होने से संगठन का संचालन राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम 2025 के अनुरूप होगा।
पदाधिकारियों का कहना है कि पारदर्शी चुनाव और नए संविधान से झारखंड में हॉकी के विकास को बल मिलेगा।
महिला सदस्यों को रखना अनिवार्य
हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने सभी जिला के अध्यक्ष और सचिव से कहा कि सभी जिला में इकाई में भी जो भी समिति बने उसमें खिलाड़ियों की सहभागिता और महिला सदस्यों को रखना अनिवार्य है।
जो भी जिला में यदि यह सब फॉलो नहीं हुआ है वह एक महीना के भीतर अपना चुनाव कराकर पूर्णतः लागू करें।
साथ ही जिला में जो पदाधिकारी हैं यदि आप लोग किसी अन्य खेल संघ में हैं तो उन्हें छोड़ दें सिर्फ एक ही खेल संघ में आप रहे, इसके लिए सभी लोगों को एक महीना का समय दिया जाता है।
साथ ही उन्होंने पूर्व में जिन जिलों में हॉकी स्टिक नही मिले हैं वैसे सभी जिला के खिलाड़ियों की सूची जमा करने का निर्देश दिया ताकि हॉकी झारखंड की ओर से आगामी बैठक में उन जिलों के खिलाड़ियों को भी हॉकी स्टिक दिया जा सके।
इस बैठक में अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, महासचिव विजय शंकर सिंह, कोषाध्यक्ष असरिता लकड़ा, उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी, चंद्र्यानी मजूमदार, अरविंद सिंह, धर्मेद्र सिंह, अशोक भगत, अरविंद सिंह तूफानी, विजय कुमार सनातन सहित हॉकी झारखड़ के कार्यकारिणी समिति के पदाधिकारी और झारखंड के सभी 24 जिला के पदाधिकारी उपस्थित थे।
