Car Rally: JITO (Jain International Trade Organization) रांची चैप्टर की तरफ से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय महिला दिवस कार रैली–2026 का आयोजन किया जायेगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए JITO महिला विंग की चेयरपर्सन सरोज जैन और चीफ सेक्रेटरी एकता बरजात्या ने बताया कि 8 मार्च 2026 को देशभर में एक साथ, एक ही समय पर राष्ट्रीय महिला दिवस कार रैली का आयोजन किया जाएगा। इस रैली का मुख्य उद्देश्य समाज में थैलीसीमिया और कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाना साथ ही महिला सशक्तिकरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
महिलाओं की रहेगी सक्रिय भागीदारी
आयोजकों ने बताया कि रांची में रैली का मार्ग मोराबादी ग्राउंड से प्रेमसंस मोटर तक निर्धारित किया गया है। रैली में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रहेगी और विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। आयोजन के माध्यम से सामाजिक उत्तरदायित्व, स्वास्थ्य जागरूकता और नारी शक्ति के महत्व को रेखांकित किया जाएगा।
सामाजिक चेतना का अभियान
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यह रैली केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना का अभियान है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाना है। JITO का मानना है कि जब नारी सशक्त होगी, तभी समाज और राष्ट्र प्रगति करेगा।
JITO रांची चैप्टर ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों से इस राष्ट्रीय पहल को व्यापक रूप से प्रचारित करने की अपील की है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।
इस दौरान मुख्य रूप से सेव लाइफ के अतुल गेरा, जीतो महिला विंग की चेयरपर्सन सरोज पांड्या, चीफ सेक्रेटरी एकता जैन, जीतो लेडीज विंग की डायरेक्टर इंचार्ज प्रियंका पाटनी सहित इवेंट को ऑर्गेनाइज कर रहीं आभा भंडारी, रिंकी अजमेरा, रेखा कला, सीमा गंगवाल, मधु अजमेरा कोमल पाटनी, मोनिका जैन सहित कई महिला सदस्य के साथ डॉक्टर उपस्थित रहे।
