Youth National Volleyball Championship: भुवनेश्वर में चल रहे 26वीं यूथ राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में झारखंड की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए चंडीगढ़ को एक बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण मुकाबले में 3–1 सेटों से पराजित कर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।
यह मुकाबला भुवनेश्वर स्थित बिजू पटनायक इंडोर स्टेडियम, KIIT एवं KISS यूनिवर्सिटी कैंपस में खेला गया, जहां दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने उच्च स्तरीय खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। पहले सेट में झारखंड ने जबरदस्त संघर्ष करते हुए 29–27 से जीत दर्ज कर बढ़त बना ली। दूसरे सेट में भी झारखंड के खिलाड़ियों ने अद्भुत संयम और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए 33–31 से जीत हासिल कर मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली।
हालांकि तीसरे सेट में चंडीगढ़ की टीम ने वापसी करते हुए 23–25 से सेट अपने नाम किया, लेकिन झारखंड की टीम ने चौथे सेट में फिर से जोरदार प्रदर्शन करते हुए 25–20 से जीत दर्ज कर मैच 3–1 से अपने नाम कर लिया।
इस जीत में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ-साथ टीम प्रबंधन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम के मैनेजर सत्यदेव सिंह, चीफ कोच संदीप राय, तथा कोच प्रियरणजन और अमन लकड़ा ने खिलाड़ियों को बेहतरीन रणनीतिक मार्गदर्शन प्रदान कर जीत में अहम योगदान दिया।
मैच के दौरान झारखंड वॉलीबॉल संघ के संरक्षक शेखर बोस, कार्यकारी अध्यक्ष सुनील सहाय, सचिव उत्तम राज तथा सीईओ निशिकांत पाठक भी उपस्थित रहे और पूरे मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते रहे।
झारखंड की इस शानदार जीत से राज्य के खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। झारखंड वॉलीबॉल की युवा टीम ने क्वार्टर फाईनल में पहुंचने की दिशा में एक कदम और बढ़ा लिया।
