एशियन लॉन बॉल चैंपियनशिप में झारखंड के खिलाड़ियों का जलवा, भारत के लिए स्वर्ण पदक की हुई बारिश

Asian Lawn Ball Championship: 17वीं एशियन लॉन बॉल चैम्पियनशिप में भारत के लिए स्वर्ण पदकों की बारिश हुई है।

देश के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ी झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।

झारखंड के सौरव कुमार ने अंडर 25 एकल में मलेशिया के खिलाड़ी को हराकर भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता।

दूसरा स्वर्ण पदक झारखंड के दिनेश और दिल्ली के नवनीत की जोड़ी ने हांगकांग को हराकर जीता।

एकल अंडर 25 बालिका वर्ग में झारखंड की बसंती ने रोमांचक मुकाबले में मलेशिया को हराकर भारत के स्वर्ण पदक झटका।

महिला फोर्स में झारखंड की रूपा रानी तिर्की और रेशमा, दिल्ली की पिंकी और असम की बोंगिता ने शानदार खेल दिखाया। लेकिन 1 प्वाइंट से फाइनल मैच गवां दिया और रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

झारखंड टीम के कोच ने जतायी खुशी

मैच में अच्छे परिणाम के बाद झारखंड टीम के कोच ने कहा कि सभी खिलाड़ियों ने बहुत अच्छा खेला और उम्मीद के मुताबिक परिणाम आया।

उन्होंने कहा कि झारखंड में लॉन बॉल्स काफी अच्छा कर रहा है और लगातार झारखंड के खिलाड़ी देश-विदेश में अपना परचम लहरा रहे है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि अभी और भी इवेंट होने है ऐसे में उम्मीद है कि और भी सोना बरसेगा।

झारखंड लॉन बॉल्स के उपाध्यक्ष सुनील खवाड़े ने कहा कि सभी विजेता खिलाड़ियों को देवघर में बाबा बैद्यनाथ की पूजा करने के बाद सम्मानित किया जायेगा, ताकि खिलाड़ियों का उत्साह बढ़े और इस खेल के लिए और भी प्रतिभावान खिलाड़ी आगे आयें।

एशियन लॉन बॉल चैम्पियनशिप में झारखंड के खिलाड़ियों के बेहतरीन खेल और पदकों पर कब्जा किये जाने से खुशी की लहर है।

इस उपलब्धि के लिए झारखंड के खेल मंत्री सुदिव्य सोनू,  खेल सचिव, खेल निदेशक, झारखंड ओलम्पिक संघ से शेखर बोस, बिपिन सिंह, आशीष झा,  सीडी सिंह, संजय त्रिपाठी, शैलेश, सरोज, योगेश, शशांक, आलोक मिश्रा, रोहित और देवेंद्र ने बधाई देते हुए आगे आने वाली प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी।