Wrestling Competition: खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार के सहयोग तथा बोकारो जिला कुश्ती संघ एवं झारखंड राज्य कुश्ती संघ के संयुक्त तत्वावधान में U-23 सीनियर झारखंड राज्य स्तरीय महिला एवं पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता 2026 का रविवार को बोकारो में रंगारंग आगाज हुआ।
प्रतियोगिता का उद्घाटन कांग्रेस नेत्री अनुपमा सिंह और चास नगर निगम की डिप्टी मेयर पूजा कुमारी ने किया।
इस अवसर पर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के महासचिव अनिल सिंह, बोकारो जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष धर्मवीर सिंह तथा झारखंड राज्य कुश्ती संघ के कोषाध्यक्ष बबलू कुमार भी उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना से खेलने और जिला एवं राज्य का नाम रोशन करने की बात कही।
दो दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता में झारखंड के सभी जिलों से 220 से अधिक पहलवान, प्रशिक्षक एवं ऑफिशियल भाग ले रहे हैं।
फ्रीस्टाइल, ग्रीको रोमन एवं महिला वर्ग में 30 स्वर्ण, 30 रजत और 60 कांस्य पदक के लिए महामुकाबले की शुरुआत हो चुकी है।
