कोहली की विराट पारी से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने रचा इतिहास, गुजरात टाइटंस की 5 विकेट से हार, लगातार 2 बार खिताब जीतकर स्पेशल क्लब में शामिल

IPL 2026 Final RCB Vs GT: आईपीएल सीजन 19 का खिताबी मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के नाम रहा।

गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर बेंगलुरू ने यह खिताब लगातार दूसरी बार अपने नाम किया।

गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन और विराट कोहली की शानदार पारी ने इस जीत की नींव रखी।

गेंदबाजों के आगे नतमस्तक गुजरात टाइटंस

बेंगलुरू ने शानदार गेंदबाजी करते हुए गुजरात को महज 155 रनों पर रोक दिया।

कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।

रसिख सलाम, जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार की अगुवाई में गेंदबाजों ने गुजरात टाइटंस के बल्लेबाजों पर शिकंजा कस दिया।

प्रतियोगिता की सबसे सफल जोड़ी शुभमन गिल (10) और साईं सुदर्शन (12) सस्ते में आउट हो गये।

इसके बाद विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा।

जोस बटलर (19), निशांत सिंधु (20) और अरशद खान (15) ने कोशिश ज़रूर दी लेकिन बड़ा स्कोर नहीं बना सके।

वाशिंगटन सुंदर एकमात्र बल्लेबाज रहे जिन्होंने बेंगलुरू के गेंदबाजों के खिलाफ संघर्ष करते हुए शानदार अर्धशतक जमाया।

गुजरात टाइटंस ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 155 रन बनाये।

कोहली की विराट पारी ने दिलायी जीत

विराट कोहली की शानदार नाबाद पारी की बदौलत बेंगलुरू ने 18वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर इतिहास रच दिया।

156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरू ने आक्रामक शुरूआत की।

वेंकटेश अय्यर और विराट कोहली ने 4.2 ओवर में ही 62 रन बना लिये।

अय्यर 16 गेंदों पर 32 रन बनाकर सिराज का शिकार बने।

इसके बाद देवदत्त पडिक्कल (1), रजत पाटीदार (15), क्रुणाल पांड्या (1) और टिम डेविड (24) ने अपना योगदान दिया।

राशिद खान ने पारी के 9वें ओवर में रजत पाटीदार और क्रुणाल पांड्या को आउट कर गुजरात की इस मुकाबले में वापसी कराने की कोशिश की।

लेकिन एक छोर से विराट कोहली (75*) ने ताबड़तोड़ गेंदबाजों की पिटायी जारी रखी।

सिर्फ 25 गेंदों पर अर्धशतक जड़ उन्होंने गेंदबाजों को हावी होने का मौका नहीं दिया।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू स्पेशल क्लब में शामिल

इस जीत के साथ ही आरसीबी ने तीसरी टीम बन गयी है जिसने लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब जीता।

इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने 2010-2011 और मुंबई इंडियंस ने 2019-2020 में लगातार 2 बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था।

बेंगलुरू के कप्तान रजत पाटीदार भी महेंद्र सिंह धौनी और रोहित शर्मा के साथ लगातार 2 बार खिताब जीतने वाले कप्तान बन गये हैं।

मैच का संक्षिप्त स्कोर कार्ड

गुजरात टाइटंस बल्लेबाजी

वाशिंगटन सुंदर- 50* (37) {5*4, 0*6}

निशांत सिंधु- 20 (18) {3*4, 0*6}

जोस बटलर- 19 (23) {1*4, 0*6}

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू गेंदबाजी

रसिख सलाम- 3/27 (4)

भुवनेश्वर कुमार- 2/29 (4)

जोश हेजलवुड- 2/37 (4)

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू बल्लेबाजी

विराट कोहली- 75* (42) {9*4, 3*6}

वेंकटेश अय्यर- 32 (16) {4*4, 2*6}

टिम डेविड- 24 (17) {3*4, 1*6}

गुजरात टाइटंस गेंदबाजी

राशिद खान- 2/25 (4)

अरशद खान- 1/32 (4)

मोहम्मद सिराज- 1/36 (4)