Cricket Tournament Ranchi: रांची में साउथ रेलवे कॉलोनी मैदान में आयोजित गौरव सिंह मेमोरियल अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता (Gaurav Singh Memorial Under-14 Cricket Tournament) के तीसरे संस्करण का शानदार समापन हुआ।
फाइनल मुकाबले में रेलवे यूथ स्पोर्ट्स अकादमी ने अचीवर्स क्रिकेट अकादमी को 7 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
रोमांचक रहा खिताबी मुकाबला
फाइनल मुकाबले में अचीवर्स क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 145 रन बनाए।
टीम की ओर से आदित्य ने शानदार 62 रन और यश ने 25 रनों का योगदान दिया।
रेलवे यूथ स्पोर्ट्स अकादमी की ओर से वेदांश और सौरव ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि उत्सव और बॉबी को 1-1 सफलता मिली।
अभिज्ञान की पारी ने जीत की नींव रखी
146 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेलवे यूथ स्पोर्ट्स अकादमी की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 19.2 ओवर में 3 विकेट खोकर 149 रन बना लिए और मुकाबला 7 विकेट से जीत लिया।
रेलवे यूथ की ओर से अभिज्ञान सिंह ने 74 रनों की मैच विनिंग पारी खेली, जबकि आकाश ने 28 रन बनाए।
अचीवर्स क्रिकेट अकादमी की ओर से आदित्य ने 2 बल्लेबाजों को आउट किया।
प्रतियोगिता के युवा हीरो
फाइनल मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अभिज्ञान सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले अचीवर्स क्रिकेट कल्ब के आदित्य प्रसाद को मैन ऑफ द सीरीज का अवार्ड मिला।

सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज एवं सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर का अवार्ड रेलवे स्पोर्ट्स एकेडमी के अभिज्ञान सिंह को चुना गया।
सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज अचीवर्स क्रिकेट क्लब के आदित्य प्रसाद बने।
रेलवे यूथ स्पोर्ट्स अकादमी के वेदांश पांडेय को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक और रेलवे यूथ के खिलाड़ी सौरव कुमार को उभरता हुआ खिलाड़ी घोषित किया गया।
विजेता-उपविजेता टीम को नगद पुरस्कार
विजेता रेलवे यूथ स्पोर्ट्स अकादमी की टीम को ट्रॉफी के साथ 20 हज़ार रूपये और उपविजेता अचीवर्स क्रिकेट अकादमी को ट्रॉफी के साथ 10 हज़ार रूपये नगद पुरस्कार राशि दी गई।
इस अवसर पर जूनियर क्रिकेटरों को प्रशिक्षण देने एवं रांची में क्रिकेट को बढ़ावा देने वाले 21 प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया।
साथ ही अंपायर प्रशांत कुमार, वासिद खान, शिवम कुमार एवं सुभाष यादव तथा स्कोरर मनीष कुमार, आकाशदीप चौधरी एवं मनीष पांडे को भी सम्मानित किया गया।
वीडियो विश्लेषक के रूप में कुणाल कुमार सिंह, आयुष आर्यन, आकाश कुमार सिंह एवं पिंटू कुमार को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव थे।
विशिष्ट अतिथियों में वार्ड सदस्य आरती कुमारी, रांची जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष सह क्रिकेट प्रशिक्षक सौमित्र पटनायक, क्रिकेट प्रशिक्षक अनिसुर रहमान, पूर्व रणजी खिलाड़ी कौशल कुमार, एयू बैंक के क्लस्टर हेड आनंद कुमार, उत्तम कुमार, अमरेंद्र कुमार तथा सरला बिरला विश्वविद्यालय के खेल पदाधिकारी सुभाष शाहदेव उपस्थित रहे।
जेएससीए की तरफ से मदद का आश्वासन
अपने संबोधन में अजय नाथ शाहदेव ने गौरव सिंह के क्रिकेट जीवन, उनके अनुशासन, समर्पण एवं खेल भावना का उल्लेख करते हुए युवा खिलाड़ियों से उनसे प्रेरणा लेने की अपील की।
उन्होंने रेलवे यूथ स्पोर्ट्स अकादमी द्वारा आयोजित प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन राज्य के उभरते क्रिकेटरों के लिए एक बड़ा मंच साबित होगा।
उन्होंने रेलवे स्पोर्ट्स एकेडमी को क्रिकेट के विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
पूरे टूर्नामेंट में 16 टीमों के लगभग 240 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में रेलवे यूथ स्पोर्ट्स अकादमी के मनीष कुमार, आकाशदीप चौधरी, अमर ज्योति, सुभाष यादव, शिवम कुमार, मनीष पांडे, आयुष आर्यन, अनुराग, विमल कुमार, प्रियांशु केसरी एवं कुणाल कुमार सिंह सहित आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पूरे प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना एवं उत्कृष्ट प्रतिभा का परिचय दिया, जिसकी खेल प्रेमियों एवं उपस्थित दर्शकों ने भरपूर सराहना की।
