Jharkhand T20 League: आईपीएल की तर्ज पर रांची में झारखंड टी-20 लीग का शानदार आगाज हुआ।
जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में प्रतियोगिता के उद्घाटन के मौके पर भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धौनी मौजूद रहे।
धौनी को मैदान में देखकर दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया।
स्टेडियम में मौजूद हजारों क्रिकेट प्रेमियों ने तालियों और नारों के साथ अपने चहेते खिलाड़ी का स्वागत किया, जिससे उद्घाटन मुकाबले का माहौल और भी यादगार बन गया।
टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में महेंद्र सिंह धौनी के साथ जेएससीए के अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव, सचिव सौरव तिवारी और संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम भी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में रांची टाइटंस ने रोमांचक मुकाबले में छोटानागपुर रॉयल्स को 5 रनों से हरा दिया।
पहले मुकाबले में छोटानागपुर रॉयल्स और रांची टाइटंस के बीच भिड़ंत हुई।
छोटानागपुर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया।
रित्विक की घातक गेंदबाजी के सामने रांची टाइटंस के शीर्ष बल्लेबाज ताश के पत्तों की तरह बिखर गये।
एक समय स्कोर 8 ओवर में 61 रन पर 5 विकेट था।
इसके बाद कप्तान राजनदीप सिंह ने मुकेश कुमार और युवराज कुमार के साथ छोटी लेकिन महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
राजनदीप ने सबसे ज़्यादा 40 रन बनाये। युवराज कुमार ने 38 रनों का योगदान दिया।
19.5 ओवर में रांची टाइटंस 155 रन पर ऑल आउट हो गयी।
छोटानागपुर की ओर से रित्विक पाठक ने 6 विकेट झटके जबकि सोनू कुमार सिंह को 2 विकेट मिला।
सुप्रियो चक्रवर्ती और चंदन कुमार मुखी ने 1-1 विकेट अपने खाते में किये।
5 रन से पिछड़ गयी छोटानागपुर रॉयल्स
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी छोटानागपुर रॉयल्स की टीम की शुरूआत भी खराब रही।
अविनाश कुमार 5 रन बनाकर जतिन पांडेय का शिकार बने।
इसके बाद कप्तान विराट सिंह और नजीम सिद्दिकी के बीच अच्छी साझेदारी हुई।
एक समय टीम का स्कोर 6.2 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 64 रन था।
इसके बाद नजीम सिद्दिकी (21) और विराट सिंह (44) रन पर आउट हो गये।
उनके आउट होते ही विकेटों के पतन का सिलसिला शुरू हो गया।
हालांकि आखिरी गेंद तक टीम ने संघर्ष करने की पूरी कोशिश की लेकिन जीत से 6 रन दूर रह गयी।
रांची टाइटंस की ओर से प्रिंस अनुराग मुर्मू ने सबसे ज़्यादा 3 विकेट लिये।
वहीं कप्तान राजनदीप सिंह और युवराज कुमार ने 2-2 विकेट लिया।
सौरभ शेखर और जतिन कुमार पांडेय को 1-1 विकेट मिला।
संक्षिप्त स्कोर
रांची टाइटन्स: 19.5 ओवर में 155/10 (राजदीप सिंह 40, युवराज कुमार 38, ऋत्विक एम पाठक 6/17, सोनू कुमार सिंह 2/18)
छोटा नागपुर रॉयल्स: 20.0 ओवर में 150/9 (विराट सिंह 44, मो. नाज़िम सिद्दीकी 21, प्रिंस अनुराग मुर्मू 3/39, राजदीप सिंह 2/17)
नतीजा: रांची टाइटन्स 5 रन से जीती।
मैन ऑफ द मैच: राजनदीप सिंह
