Nitish Model Vs Samrat Model: बिहार में NDA की सरकार है। बीच के ढाई साल छोड़ दें तो वर्ष 2005 से लगातार BJP-JDU अपने सहयोगी दलों के साथ मिलकर बिहार में शासन चला रहा है।
बीते 21 वर्षों से ऐसा लग रहा कि BJP-JDU ऐसे हैं मानो लव-कुश की जोड़ी। लेकिन सच इससे इतर है। थोड़ी सी खटपट और बवाल बहुत बड़ा। बड़ा भी ऐसा कि दोनों पार्टी के दिग्गज नेता भी सकते में आ जाते हैं।
बिहार में सीएम का चेहरा बदलने वाला है। हालांकि अभी तक ये साफ नहीं हुआ है कि अगला मुख्यमंत्री बीजेपी का होगा या जेडीयू का। लेकिन राजनीतिक पंडित बता रहे कि इस बार बीजेपी बड़े भाई की भूमिका में नज़र आने वाली है। यानी मुख्यमंत्री BJP कोटे से होगा।
नीतीश कुमार इन दिनों बिहार की यात्रा पर हैं। मंच से सम्राट चौधरी का नाम लेकर या उनके कंधे पर हाथ फेरकर इशारा भी कर रहे हैं कि अगला नेतृत्व किसे मिल सकता है। लेकिन यह इशारा भर है। क्योंकि अगर बीजेपी से सीएम बनेगा तो यह दिल्ली में तय होगा। लेकिन BJP कोटे से सम्राट चौधरी का नाम आगे भी चल रहा है। हालांकि रेस में और भी कई नाम हैं।
अब सम्राट चौधरी (Samrat Chaudhary) बिहार के गृह मंत्री हैं। यानी सीएम के बाद सबसे बड़ा कद फिलहाल उन्हीं का है। ऐसे भी यह पहली बार हुआ है जब नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री रहते हुए गृह मंत्री का पद किसी और के पास है। बिहार की राजनीति में यह तीसरी बार है जब किसी सीएम के पास गृह मंत्रालय नहीं है। तो माना जा रहा है कि सम्राट चौधरी CM की दावेदारी में नंबर हैं।
ऐसे में BJP के नेता और कार्यकर्ता उनके गुणगान में लग गये हैं। यही गुणगान बीजेपी के लिए नई मुसीबत लेकर आ गया है।
BJP प्रवक्ता के पोस्ट से बवाल
दरअसल ये नया बखेड़ा खड़ा हुआ है बीजेपी की ओर से। हुआ यूं कि बीजेपी के एक प्रवक्ता ने बिहार में सम्राट मॉडल की चर्चा कर दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिख दिया कि सम्राट मॉडल से बिहार में अपराधियों का सफाया होगा। सम्राट मॉडल को योगी मॉडल से जोड़ते हुए उन्होंने लिख दिया कि सम्राट चौधरी के गृह मंत्री बनते ही अपराधियों में खौफ का माहौल है।

जो लोग कल तक बेखौफ होकर अपराध करते थे वे आज भागे फिर रहे हैं या सरेंडर कर रहे हैं। इनकाउंटर हो रहे हैं, बुलडोजर चल रहे हैं और भू-माफियाओं की कमर टूट रही है। उन्होंने यह भी लिखा कि योगी मॉडल की तरह बिहार में सम्राट मॉडल (Samrat Model) से अपराध का सफाया हो रहा है।
बस इतना लिखना था कि जेडीयू को यह मॉडल रास नहीं आया। जेडीयू नेता और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने तुरंत इसे आड़े हाथो लिया और बीजेपी को उसकी औकात बता दी।
नीरज कुमार ने कहा कि बिहार में एक ही मॉडल चल रहा है वह है नतीश मॉडल। राज्य के मुखिया नीतीश कुमार ही हैं। अब गृह मंत्रालय सम्राट चौधरी के पास है तो स्वाभाविक है कि वह अपने विभाग के कामों को लेकर सक्रिय रहेंगे और बयान देंगे। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कोई सम्राट मॉडल अस्तित्व में आ गया है।
जेडीयू नेता ने साफ कहा कि यहां सिर्फ एक मॉडल चलता है और वह है नीतीश मॉडल (Nitish Model)।
जेडीयू के इस बयान के बाद बिहार एनडीए में हड़कंप मच गया। BJP बैकफुट में आई और BJP प्रवक्ता नीरज कुमार ने अपना पोस्ट डिलीट कर दिया।
राजनीति में कहा भी जाता है कि जितना मक्खन लगाओगे उतना ही उपर जाओगे। लेकिन मक्खन लगाने के चक्कर में इस कदर न गुणगान हो कि गठबंधन के अस्तित्व पर ही सवाल उठने लगे।
