अगर आपके घर में भी है डबल गैस सिलेंडर तो हो जाइये सावधान, ये खबर आपके लिए है ज़रूरी

lpg

LPG Cylinder Update: इजरायल-अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण इस समय दुनिया में गैस संकट मंडरा रहा है। भारत में इसका खासा प्रभाव देखने को मिल रहा है।व्यवसायिक गैस के उपभोक्ता तो परेशान थे ही अब घरेलु गैस पर भी सख्ती बरती जा रही है।

एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति में आ रही दिक्कतों के बीच गैस कंपनियों ने बुकिंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव कर दिया है। नए नियमों के लागू होने के बाद अब उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर बुक करने के लिए पहले से ज्यादा इंतजार करना होगा।

खास तौर पर उबल सिलेंडर कनेक्शन रखने वाले उपभोक्ताओं के लिए नियम सख्त कर दिए गए हैं। इंडेन गैस उपभोक्ताओं को अब अगला सिलेंडर बुक कराने के लिए कम से कम 35 दिन का इंतजार करना अनिवार्य होगा।

डबल सिलेंडर वालों की बढ़ी परेशानी

गैस कंपनियों का कहना है कि यह फैसला एलपीजी की सीमित उपलब्धता को देखते हुए लिया गया है, ताकि सभी उपभोक्ताओं तक समय पर गैस पहुंच सके और जरूरतमंद लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

पहले 14.2 किलो के घरेलू सिलेंडर की बुकिंग के बीच 25 दिन का अंतर रखा गया था, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 35 दिन कर दिया गया है। यह नियम खासतौर पर उन उपभोक्ताओं पर लागू होगा जिनके पास दो सिलेंडर वाला कनेक्शन है।

अलग-अलग उपभोक्ताओं के लिए अलग नियम

गैस कंपनियों ने सभी उपभोक्ताओं के लिए एक ही नियम लागू नहीं किया है, बल्कि कनेक्शन के प्रकार के अनुसार अलग-अलग समय सीमा तय की गई है। उज्जवला योजना के लाभार्थियों को अब अगला सिलेंडर बुक कराने के लिए 45 दिन तक इंतजार करना होगा।

वहीं जिन उपभोक्ताओं के पास सिर्फ एक सिलेंडर का कनेक्शन है, वे पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद नई बुकिंग करा सकेंगे।

ग्रामीण उपभोक्ताओं की मुश्किलें कम नहीं

ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले उपभोक्ताओं के लिए नियम और कड़े किए गए हैं। यहां अगली बुकिंग के लिए 45 दिनों का अंतर जरूरी होगा। साथ ही सिलेंडर की डिलीवरी के समय ओटीपी बताना अनिवार्य कर दिया गया है।

यदि किसी उपभोक्ता ने ई-केवाईसी पूरा नहीं किया है, तो उसकी बुकिंग रद्द भी की जा सकती है।