Senior Citizens Yoga Camp: रांची जिला योग एसोसिएशन एवं योग लवर्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 7 दिवसीय वरिष्ठ नागरिक योग शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
इस शिविर में वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।
समापन समारोह के अवसर पर मोदी सेवा सदन हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अरिबन सान्याल एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी बृजमोहन कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन के लिए नियमित योगाभ्यास करने हेतु प्रेरित किया तथा शिविर की सफलता पर शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र (Certificate) भी वितरित किए गए।
शिविर के अंतिम दिन एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिए गये।
सभी ने योग को बेहतर स्वास्थ्य एवं रोगों की रोकथाम का प्रभावी माध्यम बताते हुए नियमित योगाभ्यास की आवश्यकता पर बल दिया।
इस योग शिविर का सफल संचालन रांची जिला योग एसोसिएशन की जिला सचिव रजनी बक्शी द्वारा किया गया।
शिविर के दौरान संघ की योग शिक्षिकाएं साक्षी कुमारी एवं रश्मि सिंकू ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा उनके स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
शिविर के समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए ऐसे कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की आवश्यकता बताई।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से स्वस्थ एवं सक्रिय बनाना था।
