अष्टम उरांव ने किया झारखंड का नाम रौशन, एशिया कप में शामिल होने वाली पहली महिला फुटबॉलर

ashtam oraon

Asian Cup Football: आगामी महिला फीफा वर्ल्ड कप ब्राजील 2027 क्वालिफिकेशन (Women’s FIFA World Cup Brazil 2027 Qualification) को लेकर ऑस्ट्रेलिया में 1 मार्च से 21 मार्च तक सीनियर एशियन कप महिला फुटबॉल (AFC) के लिए भारतीय फुटबॉल संघ द्वारा 26 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा की गई है।

टीम में गुमला की बेटी अष्टम उरांव (Ashtam Oraon) को भारतीय डिफेंडर के रूप में शामिल किया गया है। अष्टम उरांव गुमला जिले के बिशनपुर प्रखंड स्थित बनारी पंचायत अंतर्गत बनारी गोरा टोली गांव की रहने वाली हैं।

प्रतिभा की धनी अष्टम उरांव खेल विभाग की तरफ से संचालित आवासीय बालिका फुटबाल प्रशिक्षण केंद्र, हजारीबाग की प्रशिक्षु रह चुकी हैं। हजारीबाग प्रशिक्षण केंद्र के बाद वे गुमला में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही थीं। वर्तमान में वह ईस्ट बंगाल एकेडमी टीम से खेलती हैं। अंडर 17 वर्ल्ड कप बालिका फुटबॉल 2022 में वे भारत की टीम की कप्तान भी रह चुकी हैं।

 

ashtam

पहली झारखंडी महिला फुटबॉलर

अष्टम उरांव सीनियर एशियन कप महिला फुटबॉल के लिए भारतीय टीम में शामिल होने वाली पहली महिला फुटबॉलर बनीं हैं…

वर्तमान में अष्टम उरांव भारतीय महिला फुटबॉल टीम के साथ ऑट्रेलिया में प्रशिक्षण शिविर में शामिल हैं।

भारत, जापान, वियतनाम एवं चाइनीज ताइपेई को ग्रुप सी में रखा गया है, जिसके अंतर्गत पहला मैच 04 मार्च को पर्थ रेक्टेंगुलर स्टेडियम में भारत बनाम वियतनाम और दूसरा मैच 07 मार्च को पर्थ रेक्टेंगुलर स्टेडियम में ही भारत बनाम जापान होगा।

तीसरा मैच वेस्टर्न सिडनी स्टेडियम, ऑस्ट्रेलिया में 10 मार्च को भारत बनाम चाइनीज ताइपेई के बीच खेला जाएगा।

अष्टम उरांव को भारतीय टीम में शामिल होने वाले पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, खेल मंत्री सुदीब्य कुमार सोनू, खेल सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक आसिफ इकराम, खेल उपनिदेशक राजेश कुमार, झारखंड ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. मधुकांत पाठक, झारखंड फुटबॉल संघ के गुलाम रब्बानी, साझा के देवेंद्र  सिंह, मणिकांत, प्रवीण कुमार (डीएसओ) गुमला, फुटबॉल कोच बिना केरकेट्टा, रिजवान अली और सोनी कुमारी समेत राज्य के खेल प्रेमियों ने बधाई दी है।