भारत के करो या मरो की स्थिति आज, प्लेइंग 11 में होंगे कई बदलाव

India Vs Zimbabwe

 

India Vs Zimbabwe: टी-20 विश्व कप में आज एक बेहद महत्वपूर्ण मुकाबला खेला जाना है। भारत के सामने सुपर-8 के दूसरे मुकाबले में उलटफेर करने में माहिर टीम जिम्बाब्वे होगी।

अपनी सेमीफाइनल की उम्मीदों को ज़िंदा रखने के लिए भारत को न सिर्फ ये मैच जीतना होगा बल्कि रन रेट के खेल में उपर आने के लिए बड़ी जीत की ज़रूरत होगी।

प्लेइंग 11 में होंगे कई बदलाव

विश्व कप के दौरान भारत के सलामी जोड़ी बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। ईशान (Ishan Kishan) ने कई महत्वपूर्ण पारियां ज़रूर खेली लेकिन अभिषेक पहली तीन पारियों में शून्य पर आउट हो चुके हैं। अभिषेक और ईशान की जोड़ी भी कुछ कमाल नहीं कर पा रही है।

ऐसे में संजू सैमसन की इंट्री होने की पूरी संभावना दिख रही है। अभिषेक शर्मा ने अपने करियर का पहला शतक जिम्बाब्वे के खिलाफ ही लगाया था तो खराब फॉर्म के बावजूद उनका खेलना तय माना जा सकता है।

सलामी बल्लेबाज के तौर पर अभिषेक और संजू सैमसन उतर सकते हैं। इससे ओपनिंग में दायें और बायें हाथ के बल्लेबाज का कॉम्बिनेशन बन जायेगा।

तिलक वर्मा ने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए अब तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं किया है। ऐसे में उनकी जगह ईशान किशन तीसरे पायदान पर बैटिंग करते दिख सकते हैं।

चौथे स्थान पर सूर्यकुमार यादव ही खेलेंगे। विश्व कप में कप्तान का बल्ला खूब गरज रहा है। हालांकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वो सस्ते में आउट ज़रूर हो गये थे।

ऑलराउंडर पर रहेगी बड़ी जिम्मेदारी

पांचवे नंबर पर शिवम दुबे का उतरना फिक्स है। वो इस समय बेहतरीन फॉर्म में हैं और विश्व कप के दौरान लगातार अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं।

छठे नंबर पर हार्दिक पांडया का कोई विकल्प नहीं है। एक ऑलराउंडर के रूप में उन्होंने अब तक बेहतरीन खेल दिखाया है।

सातवें नंबर पर बदलाव की पूरी गुंजाईश नज़र आ रही है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में वाशिंगटन सुंदर को जगह दी गयी थी लेकिन उसका कोई फायदा नहीं हुआ।

अक्षर पटेल ने पहले तीन मैच खेलकर 6 विकेट लिये थे लेकिन अचानक उन्हें बाहर कर सुंदर को जगह दी गयी।

दो मैच खेलकर भी सुंदर को कोई विकेट नहीं मिला। बल्लेबाजी में सुंदर फेल साबित हुए।

टीम के उपकप्तान अक्षर पटेल को इस मैच में मौका मिल सकता है। अक्षर न सिर्फ बेहतर स्पिनर हैं बल्कि उनका बल्ला भी खूब गरजता है। ऐसे में एक ऑलराउंडर के रूप में टीम में उनकी बेहद महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

स्पिन गेंदबाज़ हो सकते हैं मैच विनर

स्पिन गेंदबाजों की मददगार चेन्नई के विकेट पर वरूण चक्रवर्ती के साथ एक और स्पिनर खेल सकते हैं। कुलदीप यादव बायें हाथ के गेंदबाज हैं ऐसे में उन्हें मौका मिल सकता है।

तेज गेंदबाजों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। ऐसे में उन दोनों की जगह प्लेइंग 11 में तय है। बुमराह और अर्शदीप की जोड़ी इस प्रतियोगिता में कमाल का प्रदर्शन कर रही है।

टीम इंडिया का 7 नंबर तक बल्लेबाजी क्रम शानदार है। बुमराह, अर्शदीप और हार्दिक पांड्या की पेस बैटरी कमाल की है। वरूण, अक्षर और कुलदीप की उंगलियों का जादू अगर चल गया तो टीम इंडिया को कुछ सोचने की जरूरत नहीं।