4 बार की चैंपियन इटली का टूटा सपना, लगातार तीसरी बार फीफा वर्ल्ड कप से हुई बाहर

Fifa World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप की 4 बार की चैंपियन इटली ने एक शर्मनाक इतिहास रच दिया है। इटली फीफा वर्ल्ड कप में क्वालीफाई करने में नाकाम हो गयी है। इसी के साथ इटली वर्ल्ड कप की पहली चैंपियन टीम बन गयी है जो लगातार तीसरी बार क्वालीफाई नहीं कर पायी।

प्लेऑफ फाइनल में बोस्निया और हर्जेगोविना के हाथों हार ने इटली से यह मौका छीन लिया।

इटली ने 2006 में आखिरी बार विश्व कप जीता था और आखिरी बार वर्ष 2014 में वर्ल्ड कप खेला था।

इटली का लगातार तीसरी बार बाहर होना फुटबॉल जगत के लिए बड़ा झटका है।

वहीं बोस्निया की टीम ने इतिहास रचते हुए फीफा वर्ल्ड कप में जगह बना ली है।

78 मिनट तक इटली थी आगे

खेल के 15वें मिनट में इटली के लिए मोइसे कीन ने गोल दागा। इसके बाद 78 मिनट तक इटली 1-0 से आगे रही। 79वें मिनट में हैरिस तबाकोविक ने गोल दागकर दोनों टीमों को 1-1 की बराबरी पर ला दिया।

इसके बाद मैच एक्सट्रा टाइम में गया लेकिन 30 मिनट में कोई भी टीम गोल नहीं दाग सकी।

पेनल्टी शूट आउट में इटली पर बोस्निया और हर्जेगोविना की टीम भारी पड़ी और 4-1 से इटली को हरा दिया।

4 बार की चैंपियन है इटली

इटली ने चार बार फीफा वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया है। वर्ष 1934, 1938, 1982 और 2006 में यह खिताब इटली ने जीता था।

आखिरी बार 2006 में खिताब जीतने के बाद इटली का सफर बेहद खराब रहा।

2010 और 2014 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज से ही इटली बाहर हो गयी। 2018 और 2022 में विश्व कप के लिए क्वालीफाई ही नहीं कर पायी। और 2026 में में भी शर्मनाक प्रदर्शन जारी रखते हुए वर्ल्ड कप की रेस से बाहर हो चुकी है।

फीफा वर्ल्ड कप विजेता टीमें

ब्राजील ने सबसे ज़्यादा 5 बार यह खिताब अपने नाम किया है।

जर्मनी और इटली ने 4-4 बार वर्ल्ड कप अपने नाम किया है।

अर्जेंटीना 3 बार विश्व चैंपियन बन चुकी है।

फ्रांस औऱ उरुग्वे 2-2 बार और इंग्लैंड और स्पेन 1-1 बार यह खिताब जीत चुका है।