India won the Asia Cup: अंडर-18 हॉकी पुरुष एशिया कप में भारत ने डिफेंडिंग चैंपियन जापान को हराकर गोल्ड मेडल पर कब्ज़ा किया।
प्रतियोगिता में जापान एकमात्र अजेय रहने वाली टीम थी।
पूल राउंड में जापान में भारत को करारी शिकस्त दी थी।
लेकिन फाइनल में भारत ने जापान को कहीं भी संभलने का मौका नहीं दिया।
इस जीत के साथ ही भारत टूर्नामेंट के इतिहास में तीसरी ट्रॉफी जीतकर सबसे सफल देश बन गया है।
भारत से कम पाकिस्तान ने 2 बार यह खिताब जीता है।
मैदान पर हावी रहे भारतीय खिलाड़ी
मैच शुरू होने के दूसरे मिनट में ही भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला जिसे आशीष तानी पूर्ति ने गोल दागकर 1-0 की बढ़त बना दी।
दूसरे क्वार्टर के 28वें मिनट में आशीष ने दूसरा और 30वें मिनट में केतन कुशवाहा ने तीसरा गोल करके अंतर 3-0 कर दिया।
तीसरे क्वार्टर के चौथे मिनट में आशीष ने एक और गोल दागकर अपना हैट्रिक पूरा किया।
इसी के साथ भारत की बढ़त 4-0 की हो गयी और जीत लगभग तय हो चुकी थी।
52वें मिनट में जापान के नुमादा गाकू ने गोल दागकर जापान को शून्य पर आउट होने से रोका।
इसके बाद जापान को भारत ने कोई मौका नहीं दिया और 4-1 से खिताब अपने नाम कर लिया।
झारखंड के आशीष का शानदार प्रदर्शन
भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ रहे आशीष तानी पूर्ति ने पूरे प्रतियोगिता में शानदार खेल दिखाते हुए कुल 13 गोल दागे।
फाइनल में हैट्रिक गोल दागकर वो प्लेयर ऑफ द मैच बने।
इससे पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ आशीष ने 4 गोल दागे थे।
वहीं पूल स्टेज में चीनी ताइपे के खिलाफ भी आशीष ने हैट्रिक गोल मारा था।
प्रतियोगिता में 13 गोल दागकर वो टॉप स्कोरर बने।
आशीष ने लगातार 3 मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच बनने का भी इतिहास रचा।
हॉकी इंडिया ने की इनामों की घोषणा
एशिया कप जीतने पर पुरुष टीम के खिलाड़ियों को 3-3 लाख रूपये और सहयोगी स्टाफ को डेढ़-डेढ़ लाख रूपये का इनाम देने की घोषणा की गयी।
वहीं कांस्य पदक विजेता महिला टीम की हर खिलाड़ी को 1-1 लाख रूपये और सहयोगी स्टाफ को 50-50 हज़ार रूपये दिये जायेंगे।
मैच के दौरान स्टेडियम में हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह और कोषाध्यक्ष शेखर जे. मनोहरण मौजूद रहे।
इस जीत पर हॉकी झारखंड और खेल विभाग झारखंड सरकार के सभी पदाधिकारियों ने पूरी टीम को जीत की बधाई दी।
उन्होंने कहा कि स्वर्ण और कांस्य पदक जीतकर लौटने वाले झारखंड के खिलाड़ियों का रांची पहुंचने पर शानदार स्वागत किया जाएगा।
