रांची में 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन, खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

Summer Training Camp: सामाजिक संस्था नेशनल योग प्रशिक्षण केंद्र एवं अर्थ फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रांची के बंगीय सांस्कृतिक परिषद विद्यालय में आयोजित 15 दिवसीय रांची जिला ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को समापन हुआ।

समापन कार्यक्रम में विभिन्न खेल विधाओं के प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि दीपक बंका थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में धर्मेंद्र तिवारी, विद्यालय सचिव सजल बनर्जी, झारखंड राज्य मलखंभ अकादमी रांची के निदेशक अजय झा, रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी, अर्थ फाउंडेशन के सदस्य अमित कुमार, समाजसेवी संजीत गाड़ी तथा बिरसा शिक्षा निकेतन स्कूल के सचिव केपी डे उपस्थित रहे।

सभी अतिथियों ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में झारखंड राज्य मलखंभ संघ के वरीय प्रशिक्षक विवेक कुमार, खो-खो प्रशिक्षक संजय कुमार, योग प्रशिक्षक सुनील कुमार महतो, जेम्स फील्ड पब्लिक स्कूल बालालॉन्ग के प्रधानाध्यापक सोहन कुमार, टाटा डीएवी चैनपुर की खेल शिक्षिका रिया सिंह, राष्ट्रीय मलखंभ खिलाड़ी अनुशिखा कुमारी सहित अनेक खेल प्रेमी एवं अभिभावक उपस्थित थे।

कई खेलों की विधाओं का मिला प्रशिक्षण

ग्रीष्मकालीन शिविर में मलखंभ, योग, खो-खो, कबड्डी, आत्या-पात्या एवं बैडमिंटन जैसी खेल विधाओं की बुनियादी एवं तकनीकी कौशल का प्रशिक्षण दिया गया।

22 मई से 6 जून तक प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे से शाम 8:30 बजे तक आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में रांची जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, क्लबों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से लगभग 150 खिलाड़ियों ने भाग लेकर लाभ प्राप्त किया।

मुख्य प्रशिक्षक अजय झा तथा वरीय प्रशिक्षकों विवेक कुमार, संजय कुमार, शुभम सिंह, सोहन कुमार एवं सुनील कुमार महतो के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को खेलों की नवीन तकनीकों एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण से अवगत कराया गया।

प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों के शारीरिक, मानसिक एवं तकनीकी विकास पर विशेष ध्यान दिया गया।

समापन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि दीपक बंका ने खेलो इंडिया जनजातीय गेम्स 2026 में कांस्य पदक जीतने वाले झारखंड टीम के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, निरंतर अभ्यास और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

अंत में सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अपने-अपने खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा राज्य एवं देश का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।