रांची में जल्द नेशनल रैपिड एवं नेशनल ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप का आयोजन

Chess Championship in Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची में 11 से 13 मार्च 2026 तक नेशनल रैपिड एवं नेशनल ब्लिट्ज चेस चैंपियनशिप 2025-26 (National Rapid and National Blitz Chess Championship) का भव्य आयोजन होगा। सरला बिरला विश्वविद्यालय कैंपस में होने वाले इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश भर के शीर्ष शतरंज खिलाड़ी एक मंच पर होंगे।

राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का संगम

इस प्रतियोगिता में लगभग 250 शीर्ष रैंक प्राप्त खिलाड़ी भाग लेंगे, जिनमें 50 अंतरराष्ट्रीय मास्टर (IM) और ग्रैंडमास्टर (GM) रैंकधारी खिलाड़ी शामिल होंगे। प्रतियोगिता फिडे (FIDE) नियमों के अनुसार आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के लिए कुल 6.5 लाख रुपये की आकर्षक पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।

इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन का उद्देश्य बौद्धिक प्रतिस्पर्धा, रणनीतिक सोच एवं खेल भावना को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु सोशल मीडिया अभियान, प्रेस कवरेज एवं लाइव स्ट्रीमिंग की भी व्यवस्था की जाएगी।

खिलाड़ियों को मिलेगा नगद ईनाम

टूर्नामेंट की जानकारी देते हुए संरक्षक मंडल के प्रमुख राज्यसभा सांसद डॉक्टर प्रदीप कुमार वर्मा ने बताया कि टूर्नामेंट की रैपिड कैटेगरी में 25 खिलाड़ियों को 4 लाख रुपये और ब्लिट्ज कैटेगरी में 15 खिलाड़ियों को ढाई लाख रुपए की इनामी राशि प्रदान की जाएगी।

आयोजन समिति ने विभिन्न श्रेणियां में स्पॉन्सरशिप के लिए भी आमंत्रण दिया है। टाइटल स्पॉन्सर, को-स्पॉन्सर, सब-स्पॉन्सर एवं एसोसिएट स्पॉन्सर के रूप में सहयोग करने वाले संस्थानों एवं संगठनों को व्यापक ब्रांड विजिबिलिटी एवं प्रचार का अवसर प्रदान किया जाएगा। आयोजन से जुड़े अन्य पदाधिकारियों में इवेंट कन्वेनर मनीष कुमार, महासचिव नवजोत अलंग, कोषाध्यक्ष सतीश कुमार, मृदुल कुमार, आशीष कुमार और अमित चरण भी प्रतियोगिता की घोषणा के अवसर पर मौजूद रहे।

आयोजकों ने बताया कि यह प्रतियोगिता झारखंड में शतरंज के विकास को नई दिशा देगी तथा राज्य को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर सशक्त पहचान दिलाएगी।